कानपुर देहात।
खंड शिक्षा अधिकारी संघ, कानपुर देहात ने अपनी विभिन्न समस्याओं और मांगों को लेकर शुक्रवार को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अजय कुमार मिश्रा को ज्ञापन सौंपा। संघ ने कहा कि खंड शिक्षा अधिकारी विभागीय योजनाओं और कार्यों को पूरी निष्ठा से निभा रहे हैं, इसके बावजूद समय पर वेतन का भुगतान नहीं हो रहा। उन्होंने मांग की कि पूर्व की तरह प्रत्येक माह की पहली तारीख तक वेतन भुगतान की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
संघ ने कैशलेस चिकित्सा सुविधा अब तक उपलब्ध न होने, पिछले तीन वर्षों से पुस्तक ढुलाई का भुगतान न मिलने और ब्लॉक टास्क फोर्स निरीक्षण में बने अनुचित दबाव पर भी आपत्ति दर्ज कराई। साथ ही जिन विकासखंडों में ईएमआईएस इंचार्ज व ब्लॉक कोऑर्डिनेटर के पद खाली हैं, उन्हें जल्द भरे जाने की मांग रखी गई।
संघ के अध्यक्ष मनोज कुमार सिंह और मंत्री अजीत प्रताप सिंह के नेतृत्व में सौंपे गए इस ज्ञापन में विकासखंड स्तर पर संसाधन बढ़ाने की भी बात कही गई। इस दौरान अकबरपुर बीईओ मनोज कुमार सिंह, सरवनखेड़ा बीईओ अजीत प्रताप सिंह, मैंथा बीईओ सपना सिंह, रसूलाबाद बीईओ अजब सिंह, राजपुर बीईओ श्रीकृष्ण प्रेमी और मलासा बीईओ आनंद भूषण मौजूद रहे।
बीएसए अजय कुमार मिश्रा ने खंड शिक्षा अधिकारियों की समस्याओं और मांगों पर सहमति जताते हुए समय पर कार्रवाई का आश्वासन दिया।
Basic Shiksha Khabar | PRIMARY KA MASTER | SHIKSHAMITRA | Basic Shiksha News | Primarykamaster | Updatemarts | Primary Ka Master | Basic Shiksha News | Uptet News | primarykamaster | SHIKSHAMITRA





