शिक्षक ने कहा-नहीं करेंगे बीएलओ का काम, निलंबित – UpdateMarts| PRIMARY KA MASTER | SHIKSHAMITRA | Basic Shiksha News

primarymaster.in


 

जलालाबाद एसडीएम प्रभात राय की रिपोर्ट पर हुई कार्रवाई

शाहजहांपुर, । जलालाबाद तहसील क्षेत्र में विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत बीएलओ का कार्य कर रहे एक सहायक अध्यापक को ड्यूटी से इनकार और लापरवाही के आरोप में निलंबित कर दिया गया है। एसडीएम की रिपोर्ट पर बीएसए ने कार्रवाई करते हुए शिक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया है। निलंबन अवधि में उन्हें एडीएम प्रशासन कार्यालय से संबद्ध रखा गया है।

एसडीएम जलालाबाद प्रभात राय ने डीएम को भेजी रिपोर्ट में बताया कि विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण के अंतर्गत नो मैपिंग का कार्य चल रहा है। जलालाबाद विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या 107, प्राथमिक पाठशाला भर्रामई चांदपुर में निरीक्षण के दौरान बीएलओ के रूप में तैनात मानवेंद्र सिंह, सहायक अध्यापक अनुपस्थित मिले। मोबाइल पर संपर्क करने पर उन्होंने गृह जनपद फर्रुखाबाद जाने की बात कही और बूथ पर आने से मना कर दिया। रिपोर्ट के अनुसार उक्त बूथ पर नो मैपिंग के तहत 73 मतदाताओं का कार्य शेष था। आरोप है कि संबंधित शिक्षक द्वारा एसआईआर कार्य में रुचि नहीं ली जा रही थी और घोर लापरवाही बरती जा रही थी, जिससे निर्वाचन जैसा शीर्ष प्राथमिकता का कार्य प्रभावित हो रहा था। मामले में लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम के तहत अभियोग दर्ज कराने के भी

निर्देश दिए गए हैं। बीएसए ने आदेश में कहा कि विभागीय निर्देशों की अवहेलना, आचरण नियमावली का उल्लंघन तथा निर्वाचन नामावली के महत्वपूर्ण कार्य में जानबूझकर लापरवाही प्रथम दृष्टया सिद्ध होने पर मानवेंद्र सिंह, सहायक अध्यापक, प्राथमिक पाठशाला भर्रामई चांदपुर, ब्लॉक कलान को निलंबित किया जाता है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय एडीएम प्रशासन कार्यालय रहेगा।

बीईओ मुख्यालय करेंगे जांच

बीएसए ने मामले की जांच के लिए खंड शिक्षा अधिकारी मुख्यालय को नामित किया है। निर्देश दिए गए हैं कि संबंधित शिक्षक को 15 दिन के भीतर आरोपपत्र उपलब्ध कराया जाए और 30 दिन के अंदर जांच आख्या प्रस्तुत की जाए। प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि निर्वाचन कार्य में लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

एसआईआर में लापरवाही पर डीएम के हैं सख्त रुख

शाहजहांपुर। जिले में विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्य को लेकर डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने सख्त निर्देश जारी कर रखे हैं। निर्वाचन संबंधी कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही पर तत्काल कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन की ओर से अब तक कई कर्मियों को निलंबित किया जा चुका है, जबकि कुछ को सेवा समाप्ति का नोटिस भी जारी किया गया है।

Basic Shiksha Khabar | PRIMARY KA MASTER | SHIKSHAMITRA | Basic Shiksha News | Primarykamaster | Updatemarts | Primary Ka Master | Basic Shiksha News | Uptet News | primarykamaster | SHIKSHAMITRA

Leave a Comment