बेसिक की परीक्षाएं खत्म 30 को बंटेंगे परीक्षाफल
रायबरेली। बेसिक शिक्षा विभाग के
परिषदीय विद्यालयों में वार्षिक परीक्षाएं शुक्रवार को समाप्त हो गई। पांच दिन तक लगातार चली परीक्षाओं के दौरान अव्यवस्थाएं भी रहीं। प्रश्नपत्रों को लेकर सवाल उठते रहे। जैसे-तैसे परीक्षाएं पूरी करा ली गई हैं। अब नतीजों का इंतजार किया जा रहा है।
मूल्यांकन कार्य एक हफ्ते में पूरा करना होगा, ताकि परीक्षाफल समय से तैयार कराया जा सके। सभी छात्र-छात्राओं को 30 मार्च को रिपोर्ट कार्ड वितरित किए जाने हैं। बच्चों के नतीजों से उनके अभिभावकों को भी अवगत कराएंगे।
जिले में बेसिक शिक्षा विभाग के 2299
परिषदीय विद्यालय संचालित हैं। कक्षा एक से आठ तक में पढ़ने वाले बच्चों की संख्या 1.94 लाख है। इन सभी को परीक्षा में शामिल कराया जाना था, लेकिन परीक्षा में बच्चों की उपस्थिति शत-प्रतिशत नहीं रही। परीक्षा 16 मार्च को दो पालियों में शुरू हुई। पहली पाली सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 12:30 बजे से 2:30 बजे तक रही।
अंतिम दिन पहली पाली में कक्षा तीन से पांच तक के बच्चों की कार्यानुभव एवं नैतिक शिक्षा की परीक्षा हुई। कक्षा छह से आठ तक के बच्चों ने विज्ञान विषय की परीक्षा दी। दूसरी पाली में सिर्फ कक्षा छह से आठ तक के बच्चों की पर्यावरण अध्ययन की परीक्षा कराई गई।
परीक्षा के दौरान कई तरह की
अव्यवस्थाएं दिखीं। कई जगह तीन सीट वाली बेंच पर चार-चार बच्चे बैठाए गए। एक-दूसरे की कॉपी देखते, बातें करते और समूह में बैठकर परीक्षा देते हुए बच्चे देखे गए। प्रश्नपत्रों की खामियों और कमियों को लेकर भी सवाल उठते रहे। परीक्षाएं पूरी होने के बाद अब परीक्षाफल तैयार करना है, जिसके लिए मूल्यांकन कार्य शुचिता के साथ करने के आदेश दिए गए हैं। समय पर परीक्षाफल तैयार कर छात्र-छात्राओं को रिपोर्ट कार्ड 30 मार्च को बांटे जाएंगे।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल सिंह ने कहा कि परीक्षा खत्म हो गई है। मूल्यांकन कार्य समय से पूरा करा लेंगे। परीक्षाफल वितरण 30 मार्च को होगा, जिसमें अभिभावक भी उपस्थित रहेंगे।
Basic Shiksha Khabar | PRIMARY KA MASTER | SHIKSHAMITRA | Basic Shiksha News | Primarykamaster | Updatemarts | Primary Ka Master | Basic Shiksha News | Uptet News | primarykamaster | SHIKSHAMITRA




