दिल्ली में पेट्रोल की कीमत सौ रुपये के करीब पहुंच गई है। तेल कंपनियों ने शनिवार को पेट्रोल में 87 पैसे और डीजल में 91 पैसे की वृद्धि की। दस दिनों में तीसरी बार ईंधन के दाम बढ़ाए गए हैं। इस दौरान देशभर में करीब पांच रुपये की वृद्धि हो चुकी है। इसके साथ ही सीएनजी एक रुपये प्रति किलोग्राम और महंगी हुई।
पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतों में यह वृद्धि वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की ऊंची कीमतों, रिफाइनिंग मार्जिन में कमी और रुपये के लगातार कमजोर होने के कारण हुई है। इस बढ़ोतरी के बाद दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 99.51 रुपये जबकि डीजल के दाम 92.49 रुपये प्रति लीटर हो गए हैं। स्थानीय करों (वैट) के कारण राज्यों में पेट्रोल एवं डीजल की कीमतें अलग-अलग हैं। बता दें कि इससे पहले 15 मई को पेट्रोल और डीजल की कीमतों में प्रति लीटर तीन रुपये और 19 मई को 90 पैसे की वृद्धि की गई थी।
सीएनजी अब तक चार रुपये महंगी : इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (आईजीएल) की वेबसाइट के मुताबिक, वाहन ईंधन के तौर पर इस्तेमाल होने वाली सीएनजी के दाम दिल्ली में 80.09 रुपये से बढ़कर 81.09 रुपये प्रति किलोग्राम हो गए हैं। सीएनजी कीमतों में 10 दिनों से भी कम समय में यह तीसरी बढ़ोतरी है। इससे पहले सीएनजी 15 मई को दो रुपये और 17 मई को एक रुपये बढ़ाई गई थी।
फरवरी से 50% बढ़ चुके दाम: सूत्रों के अनुसार, फरवरी के बाद से कच्चे तेल के दाम 50 फीसदी बढ़ चुके हैं। होर्मुज बाधित होने से ईंधन के आवागमन पर बुरा असर पड़ा है। आपूर्ति व्यवस्था लड़खड़ाने का असर ईंधन की कीमतों पर पड़ रहा है। पेट्रोलियम उद्योग का कहना है कि ताजा मूल्य संशोधन सोच-विचार कर तेल कंपनियों पर दबाव को कुछ कम करने के लिए किए गए हैं, ताकि मुद्रास्फीति में अचानक वृद्धि न हो। हालांकि, उन्होंने माना कि इससे थोड़ा दबाव बढ़ेगा।
शहर पेट्रोल डीजल
दिल्ली 99.51 92.49
मुंबई 108.49 95.02
कोलकाता 110.64 97.02
चेन्नई 105.31 96.98
(कीमत रुपये प्रति लीटर में)
मई 2022 के बाद उच्चतम स्तर पर दाम
क्रिसिल की एक रिपोर्ट के अनुसार तेल कंपनियों को पेट्रोल पर प्रति लीटर 10 रुपये और डीजल पर 13 रुपये प्रति लीटर का घाटा हो रहा है। रिपोर्ट में कहा गया है कि मई 2022 के बाद पेट्रोल- डीजल की कीमतें अपने उच्चतम स्तर पर हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोगों से ईंधन बचाने की अपील की थी।
पेट्रोलियम कंपनी इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन ने देश में पेट्रोल-डीजल की कमी नहीं है। कुछ पेट्रोल पंपों पर ईंधन की कमी से संबंधित खबरें स्थानीय और अस्थायी प्रकृति की हैं। कंपनी ने कहा कि एक से 22 मई के दौरान पेट्रोल की बिक्री में सालाना आधार पर 14% जबकि डीजल की बिक्री लगभग 18% बढ़ी है।
Basic Shiksha Khabar | PRIMARY KA MASTER | SHIKSHAMITRA | Basic Shiksha News | Primarykamaster | Updatemarts | Primary Ka Master | Basic Shiksha News | Uptet News | primarykamaster | SHIKSHAMITRA






