लखनऊ। अल्पसंख्यक कल्याण एवं वक्फ मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने मदरसों में शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक बनाने और गुणवत्ता सुधार पर विशेष जोर देने के निर्देश दिए हैं। शनिवार को आयोजित बैठक में उन्होंने कहा कि मदरसों में पढ़ने वाले छात्रों को स्वतंत्रता सेनानियों के बारे में शिक्षित किया जाए, ताकि उनमें देशभक्ति और इतिहास के प्रति जागरूकता बढ़ सके।
बैठक में मंत्री ने निर्देश दिया कि मदरसों के शिक्षकों और छात्रों की उपस्थिति अब बायोमैट्रिक प्रणाली से दर्ज की जाएगी। इसके साथ ही शिक्षकों के प्रशिक्षण और मूल्यांकन की व्यवस्था भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि मदरसों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित की जाए और किसी भी स्थिति में छात्रों की पढ़ाई बाधित न हो। यदि किसी कारणवश शिक्षक अनुपस्थित रहते हैं तो वैकल्पिक व्यवस्था की जाए।
बैठक में बताया गया कि प्रधानमंत्री जन विकास कार्यक्रम के अंतर्गत 80 परियोजनाएं निर्माणाधीन हैं और 36 परियोजनाओं का संचालन किया जा रहा है। इनमें आईटी लैब, आईटीआई, पेयजल योजनाएं और सामुदायिक सेवा केंद्र जैसी परियोजनाएं शामिल हैं।
इसके अलावा विभाग में विभिन्न आयोगों, बोर्डों और अधीनस्थ संस्थाओं में रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया तेज करने के निर्देश भी दिए गए। वक्फ बोर्डों में नए अध्यक्षों और सदस्यों के नामांकन की प्रक्रिया में तेजी लाने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री दानिश आजाद अंसारी, प्रमुख सचिव संयुक्ता समद्दार सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।
Basic Shiksha Khabar | PRIMARY KA MASTER | SHIKSHAMITRA | Basic Shiksha News | Primarykamaster | Updatemarts | Primary Ka Master | Basic Shiksha News | Uptet News | primarykamaster | SHIKSHAMITRA






