मई व जून में जनगणना और परीक्षा ड्यूटी में लगे एडेड माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षकों को अर्जित अवकाश देने की मांग उठी है। माध्यमिक शिक्षा विभाग के पूर्व निदेशक महेंद्र देव का इस संबंध में भेजा गया पत्र वायरल हुआ है। शिक्षकों को गर्मी की छुट्टी में जनगणना और 21 मई से 30 जून तक परीक्षा ड्यूटी में लगाया गया है। उन्हें राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षकों की भांति उपार्जित अवकाश दिया जाए। पूर्व निदेशक महेंद्र देव ने उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के महामंत्री लालमणि द्विवेदी के ज्ञापन का हवाला दिया। उन्होंने विभाग के नियमों का उल्लेख कर यह पत्र शासन को भेजा था। महेंद्र देव 31 मई को सेवानिवृत्त होने से पहले आखिरी दिन यह पत्र भेजा था। शिक्षक संगठन अब इस पर त्वरित निर्णय और अनुपालन की मांग कर रहे हैं।
बरसात से पहले जर्जर भवनों को करें चिह्नित
बेसिक व माध्यमिक शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव पार्थ सारथी सेन शर्मा ने बरसात से पहले विद्यालयों के जर्जर भवनों को चिह्नित करने का निर्देश खंड शिक्षा अधिकारियों को दिया है। उन्होंने कहा है कि जर्जर भवनों पर बड़ा क्रॉस लगा दिया जाए। साथ ही अतिरिक्त कक्षा या किसी अतिरिक्त वैकल्पिक व्यवस्था में बच्चों की पढ़ाई की व्यवस्था की जाए।
हाल ही में विभागीय अधिकारियों की बैठक में उन्होंने कहा कि गर्मी की छुट्टियों के बाद विद्यालय खुलने की तैयारी समय से करें। आरटीई में छूटे हुए बच्चों का प्रवेश कराएं। ऑपरेशन कायाकल्प के 19 पैरामीटर, विशेष रूप से छात्राओं के लिए शौचालय की व्यवस्था, बिजली आदि को समय से पूरा कराएं। दिव्यांग बच्चों के लिए रैंप की व्यवस्था की जाए।
अपर मुख्य सचिव ने कहा है कि गर्मी की छुट्टियों के बाद केजीबीवी खुलने पर विद्यालयों में छात्राओं का शत-प्रतिशत नामांकन कराएं। उनकी सुरक्षा, खान-पान, लंबित नियुक्तियों से जुड़ी तैयारी पूरी करें। इसी क्रम में स्कूल चलो अभियान के दूसरे चरण की तैयारी कराकर ज्यादा से ज्यादा बच्चों के प्रवेश सुनिश्चित कराएं। बच्चों का शत-प्रतिशत ट्रांजीशन पूरा कराया जाए। नव भारत साक्षरता कार्यक्रम के अंतर्गत असाक्षरों को चिह्नित करने के लिए आवश्यक तैयारी करें।
Basic Shiksha Khabar | PRIMARY KA MASTER | SHIKSHAMITRA | Basic Shiksha News | Primarykamaster | Updatemarts | Primary Ka Master | Basic Shiksha News | Uptet News | primarykamaster | SHIKSHAMITRA


