लखनऊ। समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित आदर्श पूर्व परीक्षा प्रशिक्षण केंद्र, अलीगंज में संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) एवं उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों को मार्गदर्शन के लिए अतिथि प्रवक्ता (गेस्ट फैकल्टी) और मेंटरों के चयन की प्रक्रिया शुरू की गई है। इच्छुक अभ्यर्थी 6 जुलाई तक अपना आवेदन adarshkendra@gmail.com पर भेज सकते हैं। चयनित अतिथि प्रवक्ताओं को 90 मिनट के प्रत्येक व्याख्यान के लिए दो हजार रुपये मानदेय दिया जाएगा।
दरअसल, सामान्य अध्ययन के अंतर्गत इतिहास, भूगोल, भारतीय राजव्यवस्था, भारतीय अर्थव्यवस्था, अंतरराष्ट्रीय संबंध, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, पर्यावरण, एथिक्स, समसामयिकी, सामान्य हिंदी, उत्तर प्रदेश विशेष तथा सी-सैट सहित विभिन्न विषयों के लिए अनुभवी विषय विशेषज्ञों का पैनल तैयार किया जाएगा।
अतिथि प्रवक्ता पद के लिए ऐसे अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं, जिनके पास निजी कोचिंग संस्थानों में कम से कम तीन वर्ष का अध्यापन अनुभव हो और संबंधित विषय में परास्नातक उपाधि प्राप्त की हो। नेट, जेआरएफ अथवा पीएचडी कर रहे अभ्यर्थियों को वरीयता दी जाएगी। इसके अलावा विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों के कार्यरत अथवा सेवानिवृत्त सहायक प्राध्यापक और यूपीएससी या यूपीपीएससी मुख्य परीक्षा उत्तीर्ण अभ्यर्थी भी आवेदन के पात्र होंगे।
समाज कल्याण विभाग ने प्रशिक्षण केंद्र में अध्ययनरत अभ्यर्थियों के मार्गदर्शन के लिए मेंटरों के चयन की भी व्यवस्था की है। ऐसे अभ्यर्थी जिन्होंने यूपीएससी की प्रारंभिक अथवा मुख्य परीक्षा या यूपीपीएससी मुख्य परीक्षा उत्तीर्ण की हो, मेंटर के रूप में आवेदन कर सकते हैं।
चयनित मेंटरों को प्रशिक्षण केंद्र परिसर में निःशुल्क आवास, भोजन और पुस्तकालय सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्हें विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति, अध्ययन योजना, मूल्यांकन एवं व्यक्तिगत मार्गदर्शन की जिम्मेदारी भी सौंपी जाएगी। ब्यूरो।
Basic Shiksha Khabar | PRIMARY KA MASTER | SHIKSHAMITRA | Basic Shiksha News | Primarykamaster | Updatemarts | Primary Ka Master | Basic Shiksha News | Uptet News | primarykamaster | SHIKSHAMITRA





