बीएसए-बीईओ को पता ही नहीं, फर्जी नियुक्ति पत्र से 15 योग शिक्षकों की हो गई जॉइनिंग
अमिलो (आजमगढ़)। नौकरी दिलाने के नाम पर बेरोजगार युवक-युवतियों से ठगों ने लगभग 22.50 लाख रुपये की ठगी कर ली। सोमवार को मामला सामने आने पर विभाग में हड़कंप मच गया। बीएसए और बीईओ कार्यालय के नाम से कूटरचित नियुक्ति पत्र और विभागीय आदेश तैयार पर 15 अभ्यर्थियों को सठियांव विकास खंड के परिषदीय स्कूलों में योग शिक्षक के रूप में जॉइन भी करा दिया गया।
बात जब वेतन भुगतान की आई तो पता चला कि नियुक्ति और आदेश दोनों फर्जी थे। पीड़ितों ने मामले की शिकायत बीएसए, मुबारकपुर थाना और एसपी से की है। शिकायत करने वालों में सुनीता जायसवाल, साधना देवी, पवन राजभर, अंजलि वर्मा, प्रियंका वर्मा, रेनू जायसवाल, दीपक मिश्रा, सिमरन मद्धेशिया, प्रिया जायसवाल, रुक्मिणी देवी, रूपा जायसवाल, राहुल गोंड, वंदना जायसवाल और राजेश कुमार आदि शामिल हैं। पीड़ितों का आरोप है कि उन्हें दिए गए नियुक्ति पत्र पर मेक्स ऑडिया मेडिटेशन, सफदरजंग, नई दिल्ली का पता अंकित था। खंड शिक्षा अधिकारी सठियांव और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय के नाम से कथित आदेश जारी किए गए थे। इन्हीं दस्तावेजों के आधार पर विभिन्न प्राथमिक एवं कंपोजिट विद्यालयों में उनकी जॉइनिंग कराई गई। नियुक्ति पत्र में 12,450 से 13,500 रुपये मासिक वेतन देने का उल्लेख था। नौकरी दिलाने के नाम पर प्रत्येक अभ्यर्थी से 1.35 लाख से 1.50 लाख रुपये तक वसूले गए। अप्रैल-मई 2025 के दौरान सभी ने स्कूल में योग प्रशिक्षण भी दिया था। जब वेतन के लिए विभाग से संपर्क किया तो पता चला कि विभाग ने ऐसी कोई नियुक्ति ही नहीं की थी। अब मामले में यह सवाल उठ रहा है कि बिना दस्तावेजों का सत्यापन किए विद्यालयों में जॉइनिंग कैसे करा दी गई। इतने लंबे समय तक विभाग को इसकी भनक क्यों नहीं लगी।
Basic Shiksha Khabar | PRIMARY KA MASTER | SHIKSHAMITRA | Basic Shiksha News | Primarykamaster | Updatemarts | Primary Ka Master | Basic Shiksha News | Uptet News | primarykamaster | SHIKSHAMITRA




