नेशनल पेंशन सिस्टम के करोड़ों निवेशकों के लिए अच्छी खबर है। पेंशन फंड नियामक एवं विकास प्राधिकरण ने एनपीएस में निवेश के लिए ‘समान दिन निवेश’ की समय सीमा बढ़ा दी है।
अब यदि किसी निवेशक का योगदान कारोबार निपटान दिवस पर ट्रस्टी बैंक को दोपहर 1:30 बजे तक प्राप्त हो जाता है और उसका मिलान और बुकिंग सफलतापूर्वक हो जाती है, तो उसी दिन उसका निवेश कर दिया जाएगा। पहले इसके एनपीएस के तहत निवेशकों के लिए यह समय सीमा समय सुबह 11 बजे थी। यह नया नियम चार अगस्त 2026 को जारी सर्कुलर के बाद लागू किया गया है।
नियामक का कहना है कि इस बदलाव का उद्देश्य एनपीएस ग्राहकों को बेहतर अनुभव देना और पूरी निवेश प्रक्रिया को अधिक कुशल बनाना है। नई व्यवस्था से निवेशकों को राशि ट्रांसफर करने के लिए अतिरिक्त ढाई घंटे का समय मिलेगा। इससे तकनीकी या बैंकिंग प्रक्रिया में होने वाली देरी के कारण अगले कारोबारी दिन निवेश होने की संभावना भी कम होगी। विशेषज्ञों का मानना है कि इससे एनपीएस निवेशकों को अधिक सुविधा मिलेगी।
क्या है एनपीएस
एनपीएस केंद्र सरकार द्वारा समर्थित एक दीर्घकालिक रिटायरमेंट बचत योजना है, जिसका नियमन पेंशन फंड नियामक एवं विकास प्राधिकरण करता है। इसमें सरकारी कर्मचारियों के अलावा निजी क्षेत्र के कर्मचारी और 18 से 70 वर्ष तक के भारतीय नागरिक भी निवेश कर सकते हैं। यह बाजार आधारित निवेश योजना है, जिसमें लंबी अवधि में रिटायरमेंट के लिए पेंशन कोष तैयार किया जाता है। निवेश की राशि पर मिलने वाले रिटर्न के आधार पर लाभ निवेशकों में बांटा जाता है।
निवेश की समय सीमा को लेकर पहले की व्यवस्था
पहले यदि एनपीएस का योगदान सुबह 11 बजे के बाद ट्रस्टी बैंक तक पहुंचता था, तो उसका निवेश अगले कारोबारी दिन किया जाता था। अब यह सीमा बढ़ाकर दोपहर 1:30 बजे कर दी गई है। यानी निवेशकों के पास उसी दिन की नेट एसेट वैल्यू का लाभ लेने के लिए पहले से अधिक समय होगा। हालांकि, इसके लिए जरूरी है कि राशि समय पर ट्रस्टी बैंक तक पहुंचे और उसका रिकॉर्ड सफलतापूर्वक प्रोसेस हो जाए।
पेंशन नियामक ने इस संबंंध में खास सलाह दी
नियामक ने निवेशकों और सभी मध्यस्थ संस्थाओं को सलाह दी है कि वे राशि ट्रांसफर समय रहते शुरू करें, ताकि राशि अधिकतम दोपहर 1:30 बजे तक ट्रस्टी बैंक के पास पहुंच जाए। साथ ही, बैंकों और अन्य संस्थाओं से अपने तकनीकी एवं परिचालन सिस्टम को नई समय-सीमा के अनुरूप अपडेट करने को कहा गया है, ताकि ग्राहकों को विस्तारित समय सीमा का पूरा लाभ मिल सके।
फैसले का निवेशकों को लंबी अवधि में फायदा होगा
नई व्यवस्था का सबसे बड़ा लाभ उन लोगों को मिलेगा जो ऑनलाइन या बैंकिंग चैनलों के जरिए एनपीएस में योगदान करते हैं। कई बार बैंकिंग प्रक्रिया में देरी होने से राशि 11 बजे के बाद पहुंचती थी और निवेश अगले दिन की एनएवी पर होता था। अब अतिरिक्त समय मिलने से ऐसे मामलों में कमी आएगी और अधिक निवेशकों को उसी दिन निवेश का लाभ मिल सकेगा। बाजार में उतार-चढ़ाव के दौरान यह बदलाव फायदेमंद होगा।
Basic Shiksha Khabar | PRIMARY KA MASTER | SHIKSHAMITRA | Basic Shiksha News | Primarykamaster | Updatemarts | Primary Ka Master | Basic Shiksha News | Uptet News | primarykamaster | SHIKSHAMITRA





