वायरल वीडियो पर बेसिक शिक्षा विभाग का स्पष्टीकरण, स्कूल की जर्जर हालत के दावे को बताया गलत
आगरा। प्राथमिक विद्यालय लादूखेड़ा प्रथम को लेकर सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो के मामले में बेसिक शिक्षा विभाग ने स्पष्टीकरण जारी किया है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, आगरा की ओर से महानिदेशक स्कूल शिक्षा एवं राज्य परियोजना निदेशक, समग्र शिक्षा उत्तर प्रदेश को भेजे गए पत्र में वायरल वीडियो में बताए गए कई तथ्यों को गलत बताया गया है।
विभाग के अनुसार, आम आदमी पार्टी की ओर से वायरल किए गए वीडियो में विद्यालय के कायाकल्प के पैरामीटर पूर्ण न होने, जलभराव, जर्जर भवन और खराब व्यवस्थाओं का उल्लेख किया गया था। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने इन दावों को गलत बताते हुए कहा कि विद्यालय का भवन जर्जर स्थिति में नहीं है और भवन की स्थिति अच्छी है।
पत्र में बताया गया है कि विद्यालय में बाउंड्रीवाल को छोड़कर कायाकल्प के सभी पैरामीटर पूर्ण हैं। बाउंड्रीवाल नहीं होने के कारण बारिश के समय विद्यालय के मैदान में अस्थायी रूप से पानी भर जाता है। हालांकि, बारिश समाप्त होने के बाद पानी निकल जाता है।
विभाग ने यह भी बताया कि विद्यालय परिसर में बाउंड्रीवाल निर्माण कराने तथा मैदान में मिट्टी भराव के लिए खंड विकास अधिकारी, सैंया को पत्र के माध्यम से पहले ही सूचित किया जा चुका है।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने अपने पत्र के साथ विद्यालय की तस्वीरें भी संलग्न की हैं। तस्वीरों में विद्यालय भवन और कक्षा-कक्षों की स्थिति दिखाई गई है। विभाग का कहना है कि विद्यालय भवन अच्छी स्थिति में है और यहां कक्षाओं का संचालन नियमित रूप से किया जा रहा है।
वायरल वीडियो को लेकर विभाग की ओर से जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी, आगरा को भी आवश्यक कार्रवाई के लिए प्रतिलिपि भेजी गई है। अब इस मामले में वायरल वीडियो में लगाए गए आरोपों और विभाग के स्पष्टीकरण के बीच वास्तविक स्थिति को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तस्वीर और स्पष्ट होने की उम्मीद है।
Basic Shiksha Khabar | PRIMARY KA MASTER | SHIKSHAMITRA | Basic Shiksha News | Primarykamaster | Updatemarts | Primary Ka Master | Basic Shiksha News | Uptet News | primarykamaster | SHIKSHAMITRA




