मध्याह्न भोजन योजना में गड़बड़झाला, प्रधान शिक्षक निलंबित
अररिया से फुलेंद्र कुमार मल्लिक की रिपोर्ट मध्याह्न भोजन योजना में फर्जी तरीके से बच्चों की उपस्थिति दर्ज कराने के मामले में नरपतगंज प्रखंड के प्राथमिक विद्यालय बरदाहा के प्रधान शिक्षक मो नईमुद्दीन को निलंबित कर दिया गया है। कमांड एण्ड कन्ट्रोल के माध्यम से प्राप्त शिकायत के आलोक में जब जांच की गयी तो परत दर परत गड़बड़ी की पोल खुलती गई। जांच में कई चौंकाने वाले मामले सामने आए। स्कूल में एमडीएम बंद पाई गई लेकिन ई-शिक्षाकोष पोर्टल पर बच्चों की फर्जी संख्या दर्ज कराई गयी थी। पूरे मामले की जानकारी देते हुए डीईओ साहेब आलम ने बताया कि कमांड एण्ड कन्ट्रोल के माध्यम से प्राप्त शिकायत के आलोक में 15 सितंबर को नरपतगंज के एमडीएम बीआरपी ने जब प्राथमिक विद्यालय बरदाहा पहुंचकर स्थलीय जांच की तो उसने कई गड़बडियां पाई। विद्यालय छात्रोपस्थिति पंजी में 145 के विरूद्ध 84 बच्चों की उपस्थिति दिखाई गई थी, जबकि भौतिक रूप से स्कूल में उस समय यानी 1.18 बजे दोपहर एक भी बच्चे उपस्थित नहीं मिले। एचएम मो नईमुद्दीन ने बताया कि अपराह्न 12:45 बजे छात्र/छात्राओं की छुट्टी कर दी गयी थी। डीईओ ने बताया कि इससे स्पष्ट होता है कि विद्यालय का संचालन सुचारू रूप से संचालित नहीं किया जाता था। इस कारण छात्र/छात्राओं का पठन-पाठन कार्य प्रभावित हुआ।
जांच में प्राप्त जानकारी
जांच में पता चला कि विद्यालय में 10 सितंबर से पीएम पोषण योजना का संचालन बाधित था। इस कारण विद्यालय में उपस्थित छात्र/छात्राओं को मध्याह्न भोजन योजना का लाभ नहीं मिल पाया। जांच के दौरान विद्यालय में उपस्थित रसोईया-सह-सहायकों, ग्रामीणों एवं छात्र/छात्राओं के ने बताया कि 10 सितंबर से निरीक्षण तिथि 15 सितंबर तक विद्यालय में पीएम पोषण योजना का संचालन नहीं हुआ। जबकि प्रत्येक कार्य दिवस को पीएम पोषण योजना का संचालन किया जाना अनिवार्य है।
घोटाले का खुलासा
जांच में यह भी बात सामने आई कि ई-शिक्षाकोष पोर्टल पर 10 सितंबर से मध्याह्न भोजन का संचालित होने एवं लाभांवितों की संख्या प्रधान शिक्षक ने अपने मोबाईल से दर्ज कराते रहे। जैसे 10 सितंबर को 75, 11 सितंबर को जीरो, 12 को 56, 13 सितंबर को रविवारीय अवकाश, 14 को तीज पर्व की छुट्टी, फिर 15 सितंबर को 75 बच्चों की उपस्थिति दिखाई गयी। डीईओ साहेब आलम ने बताया कि एचएम मो नईमुद्दीन द्वारा मध्याहन भोजन योजना का संचालन किये बिना ई-शिक्षाकोष पोर्टल पर लाभांवित बच्चों की संख्या दर्ज कराई गयी जो बिल्कुल फर्जी है। विभाग के साथ धोखाधड़ी है। बताया गया कि इस संबंध में एमडीएम डीपीओ द्वारा आरोपी प्रधान शिक्षक मो नईमुद्दीन से स्पष्टीकरण भी पूछा गया था, लेकिन अब तक यह अप्राप्त है। डीईओ ने बताया कि प्रथमदृष्टा मो नईमुद्दीन पर कई गंभीर आरोप प्रमाणित होतें हैं- जैसे उच्चाधिकारी के आदेश की अवहेलना, सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करना, स्वेच्छाचारिता एवं अनुशासनहीनता, सरकारी कर्मी के आचरण के प्रतिकूल कार्य करना, विद्यालय के शैक्षणिक तथा प्रशासनिक वातावरण को प्रतिकूल रूप से प्रभावित करना एवं मध्याह्न भोजन योजना में घोर अनियमितता करना शामिल हैं। डीईओ ने बताया कि उपरोक्त आरोपो के आलोक में एचएम मो नईमुद्दीन को बिहार सरकारी सेवक (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियमावली 2005 के सुसंगत धाराओं के अधीन तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए अनुशासनिक कार्रवाई के अधीन किया जाता है। निलंबन अवधि में मो नईमुद्दीन का मुख्यालय प्रखंड संसाधन केन्द्र नरपतगंज निर्धारित किया जाता है। इन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा। आरोप पत्र प्रपत्र ‘क’ अलग से निर्गत किया जायेगा।
Basic Shiksha Khabar | PRIMARY KA MASTER | SHIKSHAMITRA | Basic Shiksha News | Primarykamaster | Updatemarts | Primary Ka Master | Basic Shiksha News | Uptet News | primarykamaster | SHIKSHAMITRA






