छात्राओं के लिए माहवारी स्वच्छता सुविधाओं की होगी जांच, BSA-BEO की टीमें करेंगी निरीक्षण
UP School News: उत्तर प्रदेश के सभी सरकारी, सहायता प्राप्त और निजी स्कूलों में छात्राओं के लिए उपलब्ध माहवारी स्वच्छता (Menstrual Hygiene) सुविधाओं की जांच की जाएगी। इसके लिए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) और जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) शिक्षकों एवं अधिकारियों की टीमें गठित कर ब्लॉक और तहसील स्तर पर औचक निरीक्षण कराएंगे।
निरीक्षण के दौरान स्कूलों में सैनिटरी पैड की उपलब्धता, उनके सुरक्षित निस्तारण की व्यवस्था, छात्राओं के लिए अलग शौचालय और स्वच्छता से जुड़ी अन्य सुविधाओं की स्थिति देखी जाएगी।
सुप्रीम कोर्ट के आदेशों के अनुपालन में होगी जांच
महानिदेशक स्कूल शिक्षा मोनिका रानी ने सुप्रीम कोर्ट में डॉ. जया ठाकुर बनाम भारत संघ मामले में 30 जनवरी और 1 सितंबर को दिए गए आदेशों का अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
इसके तहत प्राथमिक, उच्च प्राथमिक, कंपोजिट, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय (KGBV) और माध्यमिक विद्यालयों को निरीक्षण में शामिल किया जाएगा।
स्कूलों में इन सुविधाओं की होगी जांच
निरीक्षण के दौरान निम्नलिखित व्यवस्थाओं को विशेष रूप से परखा जाएगा:
छात्राओं के लिए सैनिटरी पैड की उपलब्धता।
इस्तेमाल किए गए सैनिटरी पैड के सुरक्षित निस्तारण की व्यवस्था।
सैनिटरी पैड के लिए इन्सिनरेटर या अन्य उपयुक्त निस्तारण व्यवस्था।
छात्राओं के लिए अलग और सुरक्षित शौचालय।
शौचालयों में पर्याप्त पानी की उपलब्धता।
साबुन और हैंडवॉश की व्यवस्था।
शौचालयों के दरवाजों में कुंडी और खिड़कियों की उपलब्धता।
दिव्यांग छात्राओं के लिए सुगम शौचालय।
सफाई कर्मचारियों की तैनाती और वैकल्पिक सफाई व्यवस्था।
माहवारी स्वच्छता से संबंधित जागरूकता कार्यक्रमों की स्थिति।
स्कूलों में बनेगा MHM कॉर्नर
विद्यालयों में माहवारी स्वच्छता प्रबंधन (Menstrual Hygiene Management-MHM) कॉर्नर स्थापित होना चाहिए। इसमें सैनिटरी पैड, इंसीनरेटर से संबंधित जानकारी, अतिरिक्त यूनिफॉर्म और जागरूकता पोस्टर उपलब्ध होने चाहिए।
इसके अलावा छात्राओं की आवश्यकता पड़ने पर उन्हें निःशुल्क सैनिटरी पैड उपलब्ध कराने की व्यवस्था की भी जांच की जाएगी।
सैनिटरी पैड के निस्तारण की व्यवस्था भी परखी जाएगी
निरीक्षण में इस्तेमाल किए गए सैनिटरी पैड के निस्तारण की व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसके लिए स्कूलों में भस्मक (Incinerator) या उपयुक्त वैकल्पिक निस्तारण व्यवस्था की उपलब्धता और कार्यशीलता की जांच होगी।
सैनिटरी पैड के निस्तारण के लिए निर्धारित बायोडिग्रेडेबल, जैव-अनुकूल और कंपोस्ट किए जा सकने वाले मानकों के अनुपालन को भी देखा जाएगा।
शिक्षकों और अभिभावकों की जागरूकता भी होगी दर्ज
निरीक्षण टीम विद्यालयों में शिक्षकों के प्रशिक्षण, छात्राओं की जागरूकता और अभिभावकों के साथ आयोजित कार्यक्रमों की स्थिति की भी जानकारी जुटाएगी।
विद्यालयवार रिपोर्ट में उपलब्ध सुविधाओं, कमियों, कमियों के कारण और उन्हें दूर करने की निर्धारित समय-सीमा का विवरण दर्ज करना होगा। छात्राओं की पहचान गोपनीय रखते हुए उनसे सुविधाओं के संबंध में फीडबैक भी लिया जाएगा।
BSA और DIOS की होगी जिम्मेदारी
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी और जिला विद्यालय निरीक्षक निरीक्षण टीमों के माध्यम से संबंधित विद्यालयों की व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे। जहां कमियां पाई जाएंगी, वहां सुधार के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे और निर्धारित समय-सीमा में व्यवस्थाएं दुरुस्त कराई जाएंगी।
इस पहल का उद्देश्य विद्यालयों में छात्राओं के लिए सुरक्षित, स्वच्छ और सम्मानजनक माहौल उपलब्ध कराना तथा माहवारी के दौरान उनकी शिक्षा में किसी प्रकार की बाधा न आने देना है।
Basic Shiksha Khabar | PRIMARY KA MASTER | SHIKSHAMITRA | Basic Shiksha News | Primarykamaster | Updatemarts | Primary Ka Master | Basic Shiksha News | Uptet News | primarykamaster | SHIKSHAMITRA



