फोन नंबर बदलने पर 12 घंटे तक रुकेगा ऑनलाइन भुगतान
डिजिटल भुगतान करने वाले ग्राहकों को ऑनलाइन ठगी से बचाने के लिए आरबीआई ने नियमों को और सख्त कर दिया है। इसके तहत अब यदि किसी भुगतान ऐप या डिजिटल वॉलेट से जुड़े पंजीकृत मोबाइल नंबर या ईमेल आईडी में कोई बदलाव किया जाता है, तो उसके बाद ऑनलाइन लेनदेन शुरू होने से पहले कम से कम 12 घंटे की अनिवार्य प्रतीक्षा अवधि लागू होगी।
आरबीआई ने इस संबंध में हाल ही में दिशा-निर्देश जारी किए हैं, जो सभी गैर-बैंक भुगतान प्रणाली संचालकों (पीएसओ) पर लागू होंगे। बड़े पीएसओ में एनपीसीआई, भारत बिलपे, कार्ड भुगतान नेटवर्क, गैर-बैंक एटीएम नेटवर्क, एटीएम ऑपरेटर और भुगतान कंपनियां शामिल हैं। केंद्रीय बैंक के अनुसार, अक्सर साइबर अपराधी फर्जी दस्तावेजों या तकनीकी सेंधमारी के जरिए पीड़ित का मोबाइल नंबर और ईमेल बदल देते हैं। इससे वे ओटीपी हासिल करने में समक्ष हो जाते हैं, जबकि असली ग्राहक को भनक तक नहीं लगती। नए नियमों के बाद, जैसे ही मोबाइल नंबर या ईमेल बदला जाएगा, अगले 12 घंटे तक उस खाते से कोई बड़ा ऑनलाइन भुगतान नहीं हो सकेगा। इस दौरान असली ग्राहक को नंबर बदलने का संदेश मिल जाएगा और उसे अपना खाता ब्लॉक कराने के लिए पर्याप्त समय मिल सकेगा।
धोखाधड़ी की तुरंत सूचना दे सकेंगे
आरबीआई ने ठगी होने की स्थिति में तुरंत कार्रवाई करने पर भी जोर दिया है। इसके तहत अब भुगतान कंपनियों को अपने मोबाइल ऐप या वेबसाइट पर ऐसा आसान विकल्प देना होगा, जिससे ग्राहक किसी भी संदिग्ध या अनधिकृत लेनदेन को देखते ही तुरंत फर्जी लेनदेन के रूप में चिह्नित कर सके। इससे शिकायत दर्ज कराने के लिए हेल्पलाइन नंबर खोजने में लगने वाला कीमती समय बचेगा। भुगतान प्रणाली में शामिल अन्य प्रतिभागियों को भी ऐसी व्यवस्था में सहयोग करना होगा।
एसएमएस में पूरा ब्योरा नहीं दिखेगा
इसके अलावा, लेनदेन के बाद आने वाले एसएमएस और ईमेल अलर्ट को भी सुरक्षित बनाया गया है। अब अलर्ट संदेशों में ग्राहक के बैंक खाते या कार्ड के पूरे नंबर छिपे रहेंगे, ताकि कोई और उसे पढ़कर दुरुपयोग न कर सके। साथ ही, अलर्ट संदेश में भुगतान पाने वाले व्यापारी या व्यक्ति का स्पष्ट नाम लिखना अनिवार्य होगा, जिससे ग्राहक तुरंत समझ सके कि पैसा किसके पास गया है।
हर भुगतान पर दोहरी सुरक्षा जांच जरूरी
आरबीआई ने ऑनलाइन भुगतान को सुरक्षित बनाने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा जांच अनिवार्य की है। भुगतान प्रणाली संचालकों को यह सुनिश्चित करना होगा कि इलेक्ट्रॉनिक तरीके से खाते से पैसा कटने वाले भुगतान में बहुस्तरीय सत्यापन प्रणाली का हो। यानी भुगतान पूरा होने से पहले ग्राहक की पहचान एक से ज्यादा स्तर पर जांची जाएगी। कुछ मामलों में इस व्यवस्था से छूट की अनुमति दी गई है।
Basic Shiksha Khabar | PRIMARY KA MASTER | SHIKSHAMITRA | Basic Shiksha News | Primarykamaster | Updatemarts | Primary Ka Master | Basic Shiksha News | Uptet News | primarykamaster | SHIKSHAMITRA



