Basti News: एफएलएन प्रशिक्षण के चार बैच पूरे, 200 शिक्षक-शिक्षामित्र हुए प्रशिक्षित
बस्ती। ब्रह्मदेव इंद्रमती त्रिपाठी महिला डिग्री कॉलेज, हर्रैया में आयोजित फाउंडेशनल लिटरेसी एंड न्यूमेरेसी (एफएलएन) प्रशिक्षण कार्यक्रम के तीसरे और चौथे बैच का समापन बृृहस्पतिवार को हो गया। दो चरणों में आयोजित चार बैचों में अब तक 200 शिक्षक एवं शिक्षामित्र प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके हैं। आगामी बैचों में 270 अन्य शिक्षकों को प्रशिक्षित किया जाएगा। ब्लॉक स्तर पर कुल 470 शिक्षक एवं शिक्षामित्रों को प्रशिक्षण देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
प्रशिक्षण में प्राथमिक विद्यालयों के शिक्षक और शिक्षामित्र उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं। कार्यक्रम के दौरान भाषा और गणित की बुनियादी दक्षताओं के विकास, गतिविधि आधारित शिक्षण, खेल-खेल में सीखने की प्रक्रिया तथा बच्चों में तार्किक और रचनात्मक सोच विकसित करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
प्रशिक्षण के संदर्भदाता एआरपी संतोष कुमार शुक्ल, मनोज मिश्र, राजीव शुक्ल, काशीराम वर्मा और रवीश कुमार मिश्र ने शिक्षकों को एफएलएन मिशन के विभिन्न पहलुओं से अवगत कराया। सत्रों में नवीन शिक्षण तकनीकों, टीएलएम (शिक्षण-अधिगम सामग्री) के प्रभावी उपयोग, कक्षा शिक्षण को रोचक बनाने तथा बच्चों के अधिगम स्तर में सुधार के उपायों पर विस्तार से चर्चा की गई।
खंड शिक्षा अधिकारी विजय आनंद ने बताया कि एफएलएन मिशन का उद्देश्य परिषदीय विद्यालयों के बच्चों में पढ़ने, लिखने और गणना करने की बुनियादी क्षमताओं का विकास करना है। इसके लिए शिक्षकों को व्यवहारिक एवं आधुनिक शिक्षण पद्धतियों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है, ताकि विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण प्राप्त शिक्षक विद्यालयों में नवाचार अपनाकर बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
Basic Shiksha Khabar | PRIMARY KA MASTER | SHIKSHAMITRA | Basic Shiksha News | Primarykamaster | Updatemarts | Primary Ka Master | Basic Shiksha News | Uptet News | primarykamaster | SHIKSHAMITRA






