टीजीटी के अभ्यर्थियों को गणित विज्ञान के सवालों ने खूब छकाया, दबोचे गए चार सॉल्वर – UpdateMarts| PRIMARY KA MASTER | SHIKSHAMITRA | Basic Shiksha News

primarymaster.in


 सहायता प्राप्त माध्यमिक स्कूलों में प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक (टीजीटी परीक्षा) में पूछे गए सवालों का स्तर मध्यम से कठिन था। गणित, शारीरिक शिक्षा, विज्ञान व सामाजिक विज्ञान के कुछ सवाल घुमवादार व कठिन थे। कैलकुलस, ट्रिग्नोमेट्री और अलजेब्रा के लम्बे एवं गणनात्मक सवाल, शारीरिक शिक्षा में शरीर रचना एवं क्रिया विज्ञान, मांसपेशियों के संकुचन के सवाल पूछे गए। जबकि हिन्दी, संगीत आदि के सवाल दूसरे विषयों के मुकाबले कुछ आसान थे। निगेटिव मार्किंग की वजह से

परीक्षार्थियों ने उन्हीं सवालों को किया जो ठीक से आ रहे थे। अन्य को छोड़ दिया। लखनऊ के 56 परीक्षा केन्दों पर बुधवार को पहली पाली में सामाजिक विज्ञान, शारीरिक शिक्षा, विज्ञान और उर्दू विषय की परीक्षा हुई, जबकि दूसरी पाली में हिन्दी, गणित, कृषि और संगीत विषय की परीक्षा हुई।

परीक्षा देकर बाहर निकले अभ्यर्थी ने बताया कि गणित का पेपर काफी लंबा और गणनात्मक था। समय कम पड़ने की वजह से कई सवाल छूट गए। विज्ञान के सवाल सीधे फॉर्मूले पर न होकर कॉन्सेप्ट पर आधारित थे। वहीं सामाजिक विज्ञान में इतिहास के प्राचीन और मध्यकालीन भारत की प्रशासनिक व्यवस्था के सवाल पूछे गए। नागरिक शास्त्र में संविधान के अनुच्छेदों और विचारकों के सिद्धांतों पर सवाल मध्यम से कठिन थे। भूगोल में मैपिंग और प्राकृतिक के सवाल पूछे गए। शारीरिक शिक्षा का पेपर पैटर्न बदला था। हिन्दी के छात्रों ने बताया कि व्याकरण के मुकाबले साहित्य के इतिहास से जुड़े सवाल अधिक पूछे गए।

दबोचे गए चार सॉल्वर

लखनऊ में चार सॉल्वरों को बायोमेट्रिक और फेस सत्यापन मिसमैच पर केंद्र व्यवस्थापक ने पकड़ कर पुलिस को सौंपा। आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। अमीनाबाद में विद्यांत हिंदू इंटर कॉलेज केंद्र पर पहली पाली की परीक्षा में जितेंद्र सिंह यादव का बायोमेट्रिक मिलान मिसमैच पाया गया। नाका इलाके में डीएवी डिग्री कॉलेज में द्वितीय पाली की परीक्षा के दौरान साल्वर रंग बहादुर को पकड़ा गया। रंग बहादुर के आधार कार्ड का मैच न होने पर उसे परीक्षा देने से रोका गया। चारबाग स्थित बप्पा श्रीनरायण वोकेशनल गर्ल्स इंटर कॉलेज में बायोमेट्रिक सत्यापन में राजेश को शक के आधार पर कक्ष निरीक्षक ने रोका। पूछताछ में पता चला कि राजेश प्रताप सिंह साल्वर है। बादशाहनगर स्थित आर्य कन्या पाठशाला इंटर कॉलेज में बायोमेट्रिक सत्यापन में साल्वर मनतेश सिंह को पकड़ा गया। संयुक्त पुलिस आयुक्त कानून एवं व्यवस्था बबलू कुमार ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।

Basic Shiksha Khabar | PRIMARY KA MASTER | SHIKSHAMITRA | Basic Shiksha News | Primarykamaster | Updatemarts | Primary Ka Master | Basic Shiksha News | Uptet News | primarykamaster | SHIKSHAMITRA

Leave a Comment