कानपुर में फर्जी डिग्री छाप रहे गिरोह के चार धरे
कानपुर। किदवईनगर में फरवरी में फर्जी डिग्री और मार्कशीट बनाने के आरोप में पकड़े गए गिरोह से मिले सुराग के आधार पर पुलिस ने ऐसे ही एक और बड़े गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए चार शातिरों को गिरफ्तार किया है। बेकनगंज के हीरामनपुरवा में रहने वाला सरगना 13 साल से अपने भाई के साथ घर में ही प्रिंटिंग प्रेस खोलकर फर्जी डिग्री और मार्कशीट छाप रहा था।
हाईस्कूल, इंटर से लेकर पीएचडी तक की डिग्रियां छापकर 10 हजार रुपये में सप्लाई करते थे। कोरियर कंपनी की मदद से देश ही नहीं लंदन, कनाडा समेत कई देशों में भेजते थे। मौके से पुलिस को आठ यूनिवर्सिटी की 62 फर्जी डिग्री-मार्कशीट, 830 सादे कागज, 80 होलोग्राम, डाई और 141 रबर स्टैंप बरामद किए हैं।
पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल और डीसीपी सेंट्रल अतुल श्रीवास्तव ने मंगलवार को खुलासा करते हुए बताया कि क्राइमब्रांच और किदवईनगर थाने की पुलिस ने फर्जी मार्कशीट गिरोह का खुलासा किया था। उस मामले में अब तक 10 आरोपियों को जेल भेजा जा चुका है। फर्जी मार्कशीट गिरोह की जांच के दौरान पुलिस फर्जी मार्कशीट छापने वाले सिंडिकेट तक पहुंच गई। मास्टरमाइंड हीरामन का पुरवा निवासी जियाउल हसन उर्फ समीर उर्फ आतिफ, उसके भाई हसन आसिफ, हीरामन का पुरवा निवासी नूरुद्दीन और आमिर अहमद को गिरफ्तार किया गया। जियाउल हसन ने घर में ही प्रिंटिंग प्रेस का पूरा सेटअप लगा रखा था।
गिरोह तक ऐसे पहुंची पुलिस
पुलिस कमिश्नर ने बताया कि किदवईनगर में पकड़े गए गिरोह के लोगों के खाते खंगाले गए तो आमिर अहमद से इनका कनेक्शन मिला। आमिर के खाते में 10 करोड़ रुपये से अधिक का ट्रांजेक्शन पाया गया था। इसी आधार पर पुलिस ने आमिर की निगरानी शुरू की और इस गिरोह तक पहुंच गई।
सरगना खुद फर्जी डिग्री पर लंदन में कर चुका नौकरी
पुलिस ने बताया कि सरगना जियाउल हसन ने खुद अपने प्रिंटिंग प्रेस में अपनी बीएससी नर्सिंग की मार्कशीट और डिग्री छापी थी। इसी डिग्री के आधार पर खुद को स्किल्ड मैन दिखाकर लंदन में नौकरी भी कर चुका है। वह वहां पर ग्रॉसरी की दुकान में काम करता था।
डीसीपी ने अपने नाम की डिग्री छपवाकर देखी
कार्रवाई के दौरान डीसीपी सेंट्रल अतुल श्रीवास्तव ने खुद अपने नाम की बीटेक की डिग्री छपवाकर देखी। बिल्कुल असली की तरह दिखने वाली डिग्री उनके हाथ में आई तो वह भी स्तब्ध रह गए। खुलासे के दौरान इसका उन्होंने वीडियो भी दिखाया।
Basic Shiksha Khabar | PRIMARY KA MASTER | SHIKSHAMITRA | Basic Shiksha News | Primarykamaster | Updatemarts | Primary Ka Master | Basic Shiksha News | Uptet News | primarykamaster | SHIKSHAMITRA






