प्रदेश के सिर्फ 1261 ईसीसीई एजुकेटर दर्ज करा रहे ऑनलाइन उपस्थिति
आंगनबाड़ी केंद्रों और बाल वाटिकाओं में बच्चों को पढ़ाने के लिए प्रदेशभर में ईसीसीई एजुकेटर (अर्ली चाइल्डहुड केयर एंड एजुकेशन) नियुक्त हैं। इन्हें प्रेरणा ऐप पर पंजीयन कराते हुए अपनी प्रोफाइल बनानी है। सभी को ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करानी है। निर्देश के बाद भी इस दिशा में शत-प्रतिशत कार्य नहीं हुआ।
बेसिक शिक्षा विभाग और माध्यमिक शिक्षा विभाग के शिक्षकों की तरह ईसीसीई एजुकेटर भी ऑनलाइन उपस्थिति नहीं भर रहे हैं। अब तक सिर्फ 23.16 प्रतिशत, अर्थात 1261 एजुकेटरों ने ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज कराई है।
● प्रेरणा ऐप पर पंजीकृत हैं 5443 एजुकेटर
● अब तक 2399 ने बनाई है अपनी प्रोफाइल
प्रेरणा ऐप पर प्रदेशभर के 5443 ईसीसीई एजुकेटर का पंजीयन है। इसमें से अब तक मात्र 2399 ने प्रोफाइल बनाई, जबकि 2303 एजुकेटरों की प्रोफाइल के सत्यापन की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। इनमें से मात्र 1261 ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करा रहे हैं। प्रयागराज में 216 ईसीसीई एजुकेटर ऐप पर पंजीकृत हैं। इनमें से 85 की प्रोफाइल बनी है, 80 का सत्यापन हो चुका है। ऑनलाइन उपस्थिति सिर्फ 12 एजुकेटर दर्ज करा रहे हैं।
29 जनपदों में ऑनलाइन उपस्थिति का आंकड़ा शून्य
प्रदेश में 22 जनपद ऐसे हैं, जहां एक भी ईसीसीई एजुकेटर ने अब तक प्रेरणा ऐप पर पंजीयन नहीं कराया। जबकि 29 जनपदों में ऑनलाइन उपस्थिति की शुरुआत नहीं हो सकी है। इनमें अलीगढ़, औरैया, अयोध्या, आजमगढ़, बहराइच, बलिया, भदोही, बिजनौर, चंदौली, जौनपुर, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, ललितपुर, महाराजगंज, मऊ, मेरठ, मिर्जापुर, मुजफ्फरनगर, रायबरेली, शाहजहांपुर और सोनभद्र जैसे जिले शामिल हैं।
बीएसए अनिल कुमार का कहना है कि खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि सभी एजुकेटरों का ऐप पर पंजीयन कराते हुए प्रोफाइल बनाने और उनके सत्यापन के साथ ऑनलाइन उपस्थिति भी दर्ज कराई जाए। यदि कहीं किसी तरह की तकनीकी कठिनाई आ रही हो तो उसका विवरण एजुकेटर के नाम, मोबाइल नंबर और स्क्रीनशॉट के साथ उपलब्ध कराएं। शासन स्तर से जो निर्देश मिले हैं, उनका शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित कराया जाए।
आंकड़ों पर गौर करें तो आगरा में 12, अमेठी में 50, अमरोहा में 28, बागपत में 37 और प्रतापगढ़ में 44 एजुकेटर ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करा रहे हैं। राजधानी लखनऊ में यह संख्या मात्र तीन है। कौशांबी में 16 एजुकेटर पंजीकृत हैं, सभी ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करा रहे हैं। इसी तरह गाजीपुर की स्थिति भी अन्य जिलों की तुलना में बेहतर है। यहां 234 पंजीकरण हैं, जिनमें से 200 लोग ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करा रहे हैं।
Basic Shiksha Khabar | PRIMARY KA MASTER | SHIKSHAMITRA | Basic Shiksha News | Primarykamaster | Updatemarts | Primary Ka Master | Basic Shiksha News | Uptet News | primarykamaster | SHIKSHAMITRA





