हाल ए बेसिक” – बालवाटिका में 21.4 लाख का नामांकन घटा, 26,445 स्कूलों में संख्या शून्य
यू-डायस प्लस के आंकड़ों में कमी सामने आई; महानिदेशक ने सभी बीएसए को 15 नवंबर तक नामांकन पूरा कराने के निर्देश दिए
लखनऊ। प्रदेश में बालवाटिका में बच्चों के नामांकन में पिछले वर्ष की तुलना में करीब 21.4 लाख की कमी सामने आई है। यू-डायस प्लस 2026-27 के तहत विद्यालयों से जुटाए जा रहे आंकड़ों में यह स्थिति सामने आई है। हैरानी की बात यह है कि 26,445 विद्यालयों ने बालवाटिका (को-लोकेटेड केंद्र) संचालित होने की जानकारी तो दी है, लेकिन वहां बच्चों का नामांकन शून्य दर्ज किया है।
इस पर स्कूल शिक्षा महानिदेशक मोनिका रानी ने सभी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों और जिला समन्वयकों (प्रशिक्षण) को नामांकन का ब्यौरा ठीक कराने के निर्देश दिए हैं। उनसे कहा गया है कि वे अपने जिले और ब्लाक के विद्यालयों में पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष हुए नामांकन की स्थिति की समीक्षा करें। साथ ही सभी प्रधानाध्यापकों के माध्यम से बालवाटिका में पढ़ने वाले तीन से छह वर्ष तक के सभी बच्चों का नामांकन सही और पूरा दर्ज कराएं। यह काम प्राथमिकता के आधार पर 15 नवंबर तक पूरा कराने को कहा गया है।
इसके लिए विद्यालयवार अद्यतन सूची भी एक्सेल शीट में उपलब्ध कराई गई है। इसमें पिछले वर्ष और चालू शैक्षिक सत्र के नामांकन का अंतर भी दिया गया है, जिससे जिले और ब्लाक स्तर पर कमी का पता लगाया जा सके।
अधिकारियों को यह भी स्पष्ट किया है कि पिछले वर्ष प्री-प्राइमरी के लिए बजट का निर्धारण अद्यतन नामांकन आंकड़ों के आधार पर ही किया जाएगा। ऐसे में सभी विद्यालयों में तीन से छह वर्ष के बच्चों का सही नामांकन दर्ज कराना जरूरी है।
Basic Shiksha Khabar | PRIMARY KA MASTER | SHIKSHAMITRA | Basic Shiksha News | Primarykamaster | Updatemarts | Primary Ka Master | Basic Shiksha News | Uptet News | primarykamaster | SHIKSHAMITRA



