16 जून से खुलेंगे स्कूल, जिले में 15 जून को सभी परिषदीय विद्यालयों में चलेगा स्वच्छता अभियान – UpdateMarts| PRIMARY KA MASTER | SHIKSHAMITRA | Basic Shiksha News

primarymaster.in


 

हरदोई। ग्रीष्मावकाश के बाद 16 जून 2026 से परिषदीय विद्यालयों के पुनः खुलने से पहले जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) हरदोई ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को विद्यालयों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। इस संबंध में 12 जून 2026 को कार्यालय आदेश जारी किया गया है।

आदेश के अनुसार गर्मी की छुट्टियों के दौरान विद्यालय परिसरों में झाड़ियां, घास-फूस और अन्य अवांछित वनस्पतियां उग जाने के साथ ही परिसर में गंदगी होने की संभावना है। ऐसे में विद्यालयों के सुचारु संचालन के लिए प्रांगण, कक्ष-कक्षाओं, शौचालयों तथा छतों की व्यापक साफ-सफाई आवश्यक है।

बीएसए ने निर्देशित किया है कि 15 जून 2026 को सभी विद्यालयों में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया जाए और विद्यालय परिसर को पूरी तरह साफ-सुथरा बनाया जाए। अभियान की जियो-टैग फोटो भी संबंधित समूहों पर भेजना अनिवार्य किया गया है।

आदेश में कहा गया है कि सभी खंड शिक्षा अधिकारी अपने-अपने विकासखंड में नोडल अधिकारी के रूप में कार्य करेंगे तथा अभियान की निगरानी करेंगे। साथ ही कार्यक्रम से संबंधित गतिविधियों को सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर भी अपलोड कराया जाएगा।

इस अभियान की जिला स्तरीय नोडल अधिकारी के रूप में खंड शिक्षा अधिकारी श्रीमती प्रियंका सिंह को नामित किया गया है। वह अभियान के अनुश्रवण और सोशल मीडिया पर गतिविधियों के प्रचार-प्रसार की जिम्मेदारी संभालेंगी।

बीएसए डॉ. अजीत सिंह द्वारा जारी आदेश की प्रतिलिपि जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी हरदोई को भी आवश्यक कार्रवाई और सूचना के लिए भेजी गई है।

Basic Shiksha Khabar | PRIMARY KA MASTER | SHIKSHAMITRA | Basic Shiksha News | Primarykamaster | Updatemarts | Primary Ka Master | Basic Shiksha News | Uptet News | primarykamaster | SHIKSHAMITRA

Leave a Comment