बीटीसी-2004 बैच के शिक्षकों ने पुरानी पेंशन की मांग दोहराई, मुख्यमंत्री को सौंपा ज्ञापन – UpdateMarts| PRIMARY KA MASTER | SHIKSHAMITRA | Basic Shiksha News

primarymaster.in


 

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के द्विवर्षीय बीटीसी-2004 बैच के शिक्षकों ने पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) का लाभ दिए जाने की मांग को लेकर एक बार फिर आवाज बुलंद की है। बीटीसी शिक्षक पेंशन अधिकार मंच, उत्तर प्रदेश के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को संबोधित ज्ञापन सौंपकर लंबित प्रकरण का शीघ्र निस्तारण कराने की मांग की है।

मंच के पदाधिकारियों का कहना है कि बीटीसी-2004 बैच के शिक्षकों की नियुक्ति प्रक्रिया के लिए विज्ञापन 8 सितंबर 2004 को प्रकाशित किया गया था, जो नई पेंशन योजना लागू होने से पहले जारी हुआ था। शिक्षकों का दावा है कि शासनादेश दिनांक 28 जून 2024 के अनुसार जिन कार्मिकों की नियुक्ति हेतु विज्ञापन 28 मार्च 2005 से पूर्व जारी हुआ था, उन्हें पुरानी पेंशन योजना का लाभ दिया जाना चाहिए।

ज्ञापन में बताया गया है कि प्रदेश के विभिन्न जनपदों से बीटीसी-2004 बैच के शिक्षकों ने निर्धारित प्रारूप पर अपने विकल्प पत्र जमा कर दिए हैं, जिन्हें विभागीय संस्तुति के साथ शासन को भी भेजा जा चुका है। इसके बावजूद मामला अभी तक अंतिम निर्णय की प्रतीक्षा में है।

शिक्षकों का कहना है कि उनके बैच के कई शिक्षक सेवानिवृत्ति के करीब पहुंच चुके हैं और कुछ सेवानिवृत्त भी हो चुके हैं। पुरानी पेंशन का लाभ न मिलने के कारण उन्हें आर्थिक असुरक्षा और विभिन्न कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में शासन स्तर पर जल्द निर्णय लिया जाना आवश्यक है।

बीटीसी शिक्षक पेंशन अधिकार मंच ने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया है कि शासनादेश के अनुरूप बीटीसी-2004 बैच के शिक्षकों के लंबित प्रकरण का शीघ्र अनुमोदन कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए जाएं, ताकि हजारों शिक्षक एवं उनके परिवार लाभान्वित हो सकें।

मंच के प्रदेश प्रभारी अतुल कुमार आर्य तथा प्रदेश संगठन मंत्री मथुरेश कुमार शुक्ल सहित अन्य पदाधिकारियों ने आशा व्यक्त की है कि सरकार शिक्षकों की मांग पर सकारात्मक निर्णय लेगी।

Basic Shiksha Khabar | PRIMARY KA MASTER | SHIKSHAMITRA | Basic Shiksha News | Primarykamaster | Updatemarts | Primary Ka Master | Basic Shiksha News | Uptet News | primarykamaster | SHIKSHAMITRA

Leave a Comment