*69000 शिक्षक भर्ती: सुप्रीम कोर्ट में लगातार सुनवाई का रास्ता साफ, 1 और 2 दिसंबर को होगी सुनवाई; टॉप ऑफ द बोर्ड में लगेगा केस:-*
✍️✍️✍️✍️✍️
नई दिल्ली/लखनऊ। उत्तर प्रदेश की 69000 शिक्षक भर्ती में आरक्षण विसंगति से जुड़े मामले में बुधवार, 18 नवंबर 2026 को सुप्रीम कोर्ट में महत्वपूर्ण घटनाक्रम सामने आया। लंबे समय से न्याय की प्रतीक्षा कर रहे आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए आज का दिन अहम रहा। मामले में अधिवक्ताओं ने केस को मेंशन कराकर शीघ्र और लगातार सुनवाई किए जाने का आग्रह किया।
मामला न्यायमूर्ति एस.वी.एन. भट्टी और न्यायमूर्ति एन.वी. अंजारिया की पीठ के समक्ष सूचीबद्ध था।
इससे पहले मामले में अगली सुनवाई के लिए 25 नवंबर 2026 की तारीख निर्धारित की गई थी। हालांकि, दोपहर 3:10 बजे के बाद जब अधिवक्ताओं के आग्रह पर मामले में दोबारा सुनवाई हुई तो कोर्ट ने पूर्व निर्धारित तारीख में बदलाव करते हुए अब 1 और 2 दिसंबर 2026 को लगातार सुनवाई के लिए समय निर्धारित कर दिया।
महत्वपूर्ण बात यह है कि मामले को दोनों दिन टॉप ऑफ द बोर्ड में रखा जाएगा, जिससे सुनवाई को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाए जाने की उम्मीद है। अधिवक्ताओं की ओर से न्यायालय से आग्रह किया गया था कि लंबे समय से लंबित इस प्रकरण को लगातार सुना जाए, ताकि सभी पक्षों की दलीलें पूरी हो सकें और मामले में आगे की कार्यवाही तेजी से बढ़े।
सुनवाई के दौरान उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव का मुद्दा भी उठाया गया था। ऐसे में अभ्यर्थियों के बीच उम्मीद जगी है कि यदि सुनवाई निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आगे बढ़ती है तो विधानसभा चुनाव से पहले इस विवाद पर महत्वपूर्ण निर्णय आ सकता है।
फिलहाल सुप्रीम कोर्ट द्वारा 1 और 2 दिसंबर को लगातार सुनवाई का समय निर्धारित किए जाने से 69000 शिक्षक भर्ती के आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों में न्याय की उम्मीद बढ़ी है। अब सभी की निगाहें दिसंबर में होने वाली महत्वपूर्ण सुनवाई पर टिकी हैं।
Basic Shiksha Khabar | PRIMARY KA MASTER | SHIKSHAMITRA | Basic Shiksha News | Primarykamaster | Updatemarts | Primary Ka Master | Basic Shiksha News | Uptet News | primarykamaster | SHIKSHAMITRA


