प्रदेश के परिषदीय स्कूलों में मंगलवार से अर्धवार्षिक परीक्षाएं शुरू हुईं, लेकिन पहले ही दिन पूरी व्यवस्था बेपटरी दिखी। परीक्षा की जिम्मेदारी संभालने वाले शिक्षक कहीं मोबाइल में व्यस्त नजर आए, तो कहीं जनगणना ड्यूटी के कारण नदारद रहे। हैरानी की बात यह रही कि स्कूलों में खाना बनाने वाली रसोइया कक्ष निरीक्षक की भूमिका निभाती दिखीं। अमर उजाला की टीम ने जब कुछ विद्यालयों की हकीकत परखी, तो परीक्षा का पूरा सिस्टम ही फेल नजर आया।
सीन एक
उच्च प्राथमिक विद्यालय पुराना कटरा द्वितीय, (कंपोजिट) में कक्षा एक से आठवीं तक के बच्चों की परीक्षा चल रही थी। रसोईया लीला देवी कक्षा छह में कक्ष निरीक्षक की ड्यूटी कर रही थीं। वह बच्चों को प्रश्न पत्र बांट रही थीं। बीच बीच में शोर न मचाने के लिए भी बच्चों को मना कर रही थीं। प्रधानाध्यापक ममता शर्मा की देखरेख में शिक्षामित्र नीलम मिश्रा व एक डीएलएड प्रशिक्षु भी अलग कक्षाओं में जाकर प्रश्न पत्र व उत्तरकापियां बांट रही थीं। बच्चों की संख्या कम थी तो प्रधानाध्यापक ने रसाेइया को आसपास के पंजीकृत बच्चों को बुलाने के लिए भेज दिया। प्रधानाध्यापक ने कहा, ज्यादातर शिक्षकों के जनगणना ड्यूटी में जाने की वजह से दिक्कतें हो रही हैं।
विज्ञापन
सीन-दो
उच्च प्राथमिक विद्यालय राजापुर प्रथम (कंपोजिट) में भी अव्यवस्थाओं के बीच परीक्षाएं चल रही थीं। हेडमास्टर अमान अपने कार्यालय में बैठे रहे। कक्षा-छह में एक-एक टेबल पर चार से पांच बच्चे बैठकर एक दूसरे की काॅपी देखते हुए परीक्षा दे रहे थे। कक्ष में कोई शिक्षक नहीं मौजूद था। पूछने पर पता चला कि क्लास टीचर अंशू हैं। जनगणना ड्यूटी में होने के नाते शिक्षिका ममता को लगाया गया था, लेकिन वह ऑफिस में थीं। हेडमास्टर अमान ने कहा, ज्यादातर शिक्षकों की ड्यूटी जनगणना में लगा दी गई है तो परीक्षा कौन कराएगा? हम जनगणना में हैं, हमारी जिम्मेदारी नहीं है। इसी तरह शिक्षामित्र मीनाक्षी कुर्सी पर बैठकर मोबाइल चलाती रहीं और बच्चे आपस में शोरगुल करते परीक्षा देते रहे। सहायक अध्यापिका अनुरागिनी परीक्षा खत्म होने के बाद बच्चों को स्मार्ट बोर्ड कुछ समझा रही थीं।
न परीक्षा की टाइमिंग न कोई नियम
उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षा परिषद के सचिव सुरेंद्र कुमार तिवारी की ओर से जारी परीक्षा कार्यक्रम के अनुसार, परीक्षा दो पालियों में होनी है। पहली पाली की परीक्षा सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक व दूसरी पाली 12:30 बजे से 2:30 बजे हो रही है। लेकिन, स्कूलों में परीक्षा के लिए कोई टाइमिंग ही नहीं दिखी। अपने हिसाब से सुविधानुसार परीक्षाएं कराई जा रही थीं। कुछ जनपदों से भी ऐसी शिकायतें आई हैं जहां प्रश्नपत्र ही पहली पाली में नहीं पहुंचे। परीक्षा 21 नवंबर तक होनी है। इसमें प्रदेश भर के परिषदीय स्कूलों के तकरीबन 1.35 करोड़ छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं।
क्या कहते हैं अधिकारी
परीक्षा को लेकर प्रधानाध्यापक व शिक्षकों की लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं होगी। परीक्षा को पारदर्शिता से न कराने वाले जिम्मेदारों पर कार्रवाई होगी। रसोईया से ड्यूटी कराना गलत है। जनगणना के साथ परीक्षा कार्य भी करने के लिए शिक्षकों से कहा गया है। जो भी शिकायतें मिल रही हैं उन पर एक्शन लिया जाएगा। – अनिल कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, प्रयागराज
Basic Shiksha Khabar | PRIMARY KA MASTER | SHIKSHAMITRA | Basic Shiksha News | Primarykamaster | Updatemarts | Primary Ka Master | Basic Shiksha News | Uptet News | primarykamaster | SHIKSHAMITRA


