**प्रयागराज।** परिषदीय विद्यालयों में छात्र नामांकन बढ़ाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के बीच कोरांव ब्लॉक के 97 विद्यालय शिक्षा विभाग की सख्ती के दायरे में आ गए हैं।
इन विद्यालयों में कक्षा एक और छह में 10 से कम नामांकन मिलने पर खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) ने संबंधित प्रधानाध्यापकों और सहायक अध्यापकों के मई माह का वेतन रोकने की संस्तुति बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) को भेज दी है।
बीईओ कार्यालय की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि नामांकन बढ़ाने के लिए लगातार निर्देश दिए गए। मासिक बैठकों, नोटिस और व्हाट्सएप मॉनिटरिंग के जरिये भी विद्यालय को सक्रिय किया गया लेकिन कई स्कूलों में अपेक्षित प्रगति नहीं हुई।
रिपोर्ट के अनुसार 11 विद्यालय ऐसे हैं, जहां कक्षा एक में एक भी नया पंजीकरण नहीं हुआ। कोरांव में कक्षा छह में शून्य प्रवेश वाले स्कूलों की संख्या 92 है। इसमें 20 कंपोजिट स्कूल, छह उच्च प्राथमिक और 71 प्राथमिक विद्यालय शामिल हैं।
बेसिक शिक्षा अधिकारी अनिल कुमार के अनुसार परिषदीय विद्यालयों में नामांकन बढ़ाने के लिए शासन स्तर पर लगातार अभियान चलाया जा रहा है। जिन विद्यालयों में छात्र संख्या नहीं बढ़ी वहां कार्रवाई की जा रही है।
Basic Shiksha Khabar | PRIMARY KA MASTER | SHIKSHAMITRA | Basic Shiksha News | Primarykamaster | Updatemarts | Primary Ka Master | Basic Shiksha News | Uptet News | primarykamaster | SHIKSHAMITRA





