खिड़की से स्कूल में घुसा कोबरा, कक्षा में पढ़ा रही प्रधानाध्यापिका को डसा, हालत गंभीर
यूपी के मैनपुरी जिले में कंपोजिट विद्यालय में खिड़की के रास्ते कोबरा सांप स्कूल में घुस गया। कक्षा में मौजूद प्रधानाध्यापिका की नजर पर सांप पर पड़ी तो वह उसे भगाने लगी। इसी दौरान कोबरा ने प्रधानाध्यापिका के अंगुली में डंस लिया, जिससे शिक्षिका बेहोश होकर गिर गई। इसके बाद सांप भाग गया। गंभीर हालत में शिक्षिका को सैफई मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। घटना से स्कूल के बच्चों में दहशत फैल गई है।
घटना सोमवार सुबह 10:30 बजे की है। कस्बा के मोहल्ला वनखंडेश्वर निवासी ममता दीक्षित कंपोजिट विद्यालय इकहरा में प्रधानाध्यापक के पद पर तैनात है। वह सुबह स्कूल में पढ़ा रही थी। तभी उनकी नजर स्कूल की खिड़की पर पड़ी। खिड़की के रास्ते से एक सांप स्कूल के अंदर आ रहा था। यह देख उन्होंने भाग कर खिड़की बंद करने की कोशिश की। तभी सांप ने उनकी उंगली में काट लिया। जिससे वह झटका खाकर गिर पड़ी। जानकारी मिलते ही स्कूल स्टाफ और परिवार के लोगों ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से हालत गंभीर होने पर सैफई मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया।
सूचना मिलते ही परिवार के लोग पहुंचे अस्पताल
जानकारी मिलते ही शिक्षिका के परिवार के लोग मेडिकल कॉलेज पहुंच गए। उनके पति गिरजेश दीक्षित बरनाहल स्वास्थ्य केंद्र में फार्मासिस्ट हैं। सूचना पाकर चिकित्सा अधीक्षक डा.प्रदीप यादव, डा. धर्मेंद्र यादव, बिंदेश्वरी, धनंजय वर्मा, जितेंद्र यादव, आदि भी सैफई मेडिकल कॉलेज पहुंचे और शिक्षिका का हाल जाना। सूचना पाकर खंड शिक्षा अधिकारी भी घटना की जानकारी लेने अस्पताल पहुंच गए।
बच्चों को बचाने के लिए शिक्षिका ने खतरे में डाली जान
बताया गया है शिक्षिका ने बच्चों की जान बचाने के लिए अपनी जान खतरे में डाल दी। कोबरा सांप जिस खिड़की के रास्ते से अंदर आ रहा था, उस कमरे के अंदर बच्चे बैठकर पढ़ रहे थे। अगर शिक्षिका ऐसा न करती तो यह सांप बच्चों पर भी हमला कर सकता था। खास बात यह रही की सांप आ गया है इसकी जानकारी ग्रामीणों को मिली तो वे मौके पर पहुंच गए। आनन फानन में बायगीर को बुलाया गया और कोबरा सांप को पकड़वा लिया गया। बायगीर सांप को अपने साथ ले गया है। स्कूल बच्चे भी इस घटना से दहशत में आ गए।
सांप काटने से मासूम व छात्रा की मौत
वहीं दूसरी ओर बाराबंकी में सांप के काटने का मामला सामने आया। जैदपुर थाना क्षेत्र के ग्राम अब्दुल्लापुर निवासी विनोद कुमार का दो वर्षीय पुत्र अयांश रविवार की शाम को घर के बाहर खेल रहा था। तभी उसको सांप ने काट लिया। परिजन आनन फानन में लेकर जैदपुर सीएचसी पहुंचे जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित किया। वहीं रामनगर थाना के चांदपुर निवासी दीपांशी (18) पुत्री अजय कुमार बीती शाम खेत से धान रोपाई कर लौट रही थी, जहां उसे सांप ने डस लिया। परिजनों ने उसे तुरंत कजियापुर स्थित एक बैद्य के यहां दवा पिलाने ले गए मगर आराम न मिलने पर उसे जिला अस्पताल बाराबंकी ले जाया गया। जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मृतका के भाई आशुतोष ने बताया कि वह कक्षा 11 की छात्रा थी। सूचना पर पंहुची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इस घटना से परिजन बहुत दुखी थे और रो रो कर बुरा हाल है।
Basic Shiksha Khabar | PRIMARY KA MASTER | SHIKSHAMITRA | Basic Shiksha News | Primarykamaster | Updatemarts | Primary Ka Master | Basic Shiksha News | Uptet News | primarykamaster | SHIKSHAMITRA




