पुलिस और मजिस्ट्रेट की देखरेख में केंद्रों तक जाएगी पीईटी सामग्री:योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 25, 30 अक्तूबर और 1 नवंबर को आयोजित होने वाली प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी-2026) के लिए जरूरी तैयारियों के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि परीक्षा केंद्रों तक सामग्री पहुंचाने के लिए मजिस्ट्रेट और पुलिस एस्कॉर्ट के लिए वाहनों की व्यवस्था की जाए। अभ्यर्थियों की संख्या के अनुसार अतिरिक्त बसें और ट्रेनें चलाई जाएं। रेलवे और परिवहन विभाग से समन्वय बनाकर अभ्यर्थियों की यात्रा सुगम बनाई जाए। मुख्यमंत्री ने शनिवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा आयोजित प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी-2026) की तैयारियों की समीक्षा के दौरान अधिकारियों को ये निर्देश दिए।
पीईटी-2026 में 35.41 लाख अभ्यर्थी शामिल होंगे। इसके लिए प्रदेश के 60 जिलों में 1372 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। प्रत्येक पाली में 5,90,217 अभ्यर्थियों के लिए व्यवस्था की गई है। आगरा, अलीगढ़, झांसी, गोरखपुर, गाजियाबाद, लखनऊ, मेरठ, मुरादाबाद और प्रयागराज सहित नौ जिलों में प्रत्येक पाली में 15 हजार से अधिक अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा की निगरानी के लिए आयोग मुख्यालय में कमांड कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। इसके माध्यम से सभी परीक्षा केंद्रों की कैमरों के जरिए लाइव निगरानी की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि परीक्षा से पहले और उसके दौरान सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर नजर रखी जाए। भ्रामक खबरों और अफवाहों पर अंकुश लगाने के लिए स्थानीय अभिसूचना तंत्र सक्रिय करें। परीक्षा केंद्रों पर अनुचित साधनों के इस्तेमाल और नकल पर तत्काल विधिक कार्रवाई की जाए। परीक्षा सामग्री को जिला कोषागार में सुरक्षित रखने और परीक्षा के बाद मुख्यालय तक पहुंचाने की व्यवस्था के निर्देश दिए हैं।
लखनऊ में 45 केंद्रों पर होगी परीक्षा
लखनऊ में परीक्षा के लिए 45 केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, पहली पाली की परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक होगी, जबकि दूसरी पाली दोपहर तीन बजे से शाम पांच बजे तक आयोजित की जाएगी। अभ्यर्थियों को दो घंटे में 100 बहुविकल्पीय प्रश्नों के उत्तर देने होंगे। प्रश्नपत्र में भारतीय इतिहास, राष्ट्रीय आंदोलन, भूगोल, भारतीय अर्थव्यवस्था, संविधान एवं लोक प्रशासन, सामान्य विज्ञान, प्रारंभिक गणित, सामान्य हिंदी, सामान्य अंग्रेजी, तार्किक क्षमता, समसामयिक घटनाओं और सामान्य जागरूकता से संबंधित सवाल पूछे जाएंगे।
सीएम ने कहा, परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती और सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद की जाए। परीक्षा सामग्री की सुरक्षा सुनिश्चित करने और नकल के मामलों में तत्काल कार्रवाई की जाए। परीक्षा केंद्रों पर कक्ष निरीक्षकों और सपोर्टिंग स्टाफ की तैनाती व प्रशिक्षण कराएं। परीक्षा केंद्रों पर तैनात सभी कर्मचारियों के पहचान पत्र जारी किए जाएं। परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, शौचालय, साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
Basic Shiksha Khabar | PRIMARY KA MASTER | SHIKSHAMITRA | Basic Shiksha News | Primarykamaster | Updatemarts | Primary Ka Master | Basic Shiksha News | Uptet News | primarykamaster | SHIKSHAMITRA




