शिक्षकों के लिए सख्त निर्देश: सभी कक्षाओं में विषयवार पढ़ाना होगा, उल्लंघन पर होगी कार्रवाई
उन्नाव में शिक्षकों के लिए सख्त निर्देश: सभी कक्षाओं में विषयवार पढ़ाना होगा, उल्लंघन पर होगी कार्रवाई
उन्नाव। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) उन्नाव ने परिषदीय विद्यालयों में शिक्षण व्यवस्था को लेकर सख्त निर्देश जारी किए हैं। निरीक्षण के दौरान यह पाया गया कि कई विद्यालयों में शिक्षक समय-सारिणी का पालन नहीं कर रहे हैं और केवल एक ही कक्षा में शिक्षण कार्य कर रहे हैं, जिसे विभागीय निर्देशों की स्पष्ट अवहेलना माना गया है।
बीएसए संगीता सिंह द्वारा जारी कार्यालय आदेश में सभी प्रधानाध्यापकों एवं प्रभारी प्रधानाध्यापकों को निर्देशित किया गया है कि विद्यालय में कार्यरत प्रत्येक शिक्षक के लिए विषयवार एवं कक्षावार समय-सारिणी तैयार कर उसका कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जाए। प्रत्येक शिक्षक को निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार सभी आवंटित कक्षाओं में नियमित रूप से शिक्षण कार्य करना होगा।
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि भविष्य में निरीक्षण के दौरान यदि कोई शिक्षक केवल एक ही कक्षा में पढ़ाते हुए पाया जाता है या समय-सारिणी का पालन नहीं करता है, तो संबंधित शिक्षक के साथ-साथ विद्यालय के प्रधानाध्यापक/प्रभारी प्रधानाध्यापक के विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इसकी जिम्मेदारी संबंधित विद्यालय प्रशासन की होगी।
बीएसए कार्यालय ने यह आदेश समस्त खंड शिक्षा अधिकारियों को भी भेजते हुए निर्देश दिए हैं कि इसका कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए। आदेश की प्रतिलिपि महानिदेशक स्कूल शिक्षा, जिलाधिकारी उन्नाव, मुख्य विकास अधिकारी तथा सभी परिषदीय विद्यालयों को भी प्रेषित की गई है।
शिक्षा विभाग के इस कदम का उद्देश्य विद्यालयों में शिक्षण व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाना तथा सभी कक्षाओं के विद्यार्थियों को नियमित एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है।
Basic Shiksha Khabar | PRIMARY KA MASTER | SHIKSHAMITRA | Basic Shiksha News | Primarykamaster | Updatemarts | Primary Ka Master | Basic Shiksha News | Uptet News | primarykamaster | SHIKSHAMITRA






