जनगणना में लापरवाही पर होगी प्राथमिकी, डीएम ने दिए सख्त निर्देश – UpdateMarts| PRIMARY KA MASTER | SHIKSHAMITRA | Basic Shiksha News

primarymaster.in


 

जनगणना में लापरवाही पर होगी प्राथमिकी, डीएम ने दिए सख्त निर्देश

प्रतापगढ़। डीएम अभिषेक पांडेय ने सोमवार देर रात कैंप कार्यालय में आईजीआरएस, जनगणना, स्थानांतरण नीति और राजस्व न्यायालयों से संबंधित लंबित मामलों की समीक्षा की। बैठक में अधिकारियों को लंबित प्रकरणों के जल्द निस्तारण और जनगणना कार्य में लापरवाही बरतने वालों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

डीएम ने कहा कि पांच वर्ष से अधिक समय से लंबित वादों का एसडीएम और तहसीलदार प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनगणना कार्य में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।

बैठक में आईजीआरएस शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण और शिकायतकर्ताओं से फीडबैक लेने के भी निर्देश दिए गए। डीएम ने कहा कि तहसीलों में पता परिवर्तन और लेखपालों के स्थानांतरण की प्रक्रिया 31 मई तक हर हाल में पूरी कर ली जाए।

उन्होंने निर्देश दिए कि नगर निकायों की धनराशि केवल शहरी क्षेत्रों के विकास कार्यों में ही खर्च की जाए। यदि किसी ग्रामसभा में नगर निकाय का धन खर्च किया गया तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

जिला आबकारी अधिकारी को जनपद की सभी शराब दुकानों के सामने लगे होर्डिंग्स के मानक आकार की जांच कर पांच दिनों के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।

जनगणना की नोडल अधिकारी नैसी सिंह ने बैठक में विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की। बैठक में एडीएम आदित्य प्रजापति, सीआरओ अजय कुमार तिवारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Basic Shiksha Khabar | PRIMARY KA MASTER | SHIKSHAMITRA | Basic Shiksha News | Primarykamaster | Updatemarts | Primary Ka Master | Basic Shiksha News | Uptet News | primarykamaster | SHIKSHAMITRA

Leave a Comment