भदोही में 27 साल पुराने मामले में हुई थी प्रधानाचार्य की हत्या, प्रयागराज के मास्टरमाइंड समेत दो लोग गिरफ्तार
ज्ञानपुर (भदोही)। इंद्र बहादुर सिंह नेशनल इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य योगेंद्र बहादुर सिंह हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया। 27 साल पहले पिता की हत्या का बदला लेने के लिए प्रयागराज निवासी आरोपी ने अपने दोस्त की सहायता से प्रतापगढ़ के भाड़े के दो शूटरों से योगेंद्र सिंह की हत्या कराई थी। शूटर अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। पुलिस ने हत्या के मास्टरमाइंड और उसके दोस्त को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक डॉ. मीनाक्षी कात्यायन ने बताया कि अमिलौरी निवासी योगेंद्र बहादुर सिंह की 21 अक्तूबर को बसावनपुर गांव के पास बाइक सवार बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोली बरसा कर हत्या कर दी थी। खुलासे के लिए पांच टीमों का गठन किया गया था। टीमें जौनपुर, प्रयागराज और प्रतापगढ़ आदि जिलों में दबिश देकर हत्यारों का सुराग तलाश रही थीं। पुलिस टीम ने घटनास्थल और प्रधानाचार्य के घर जाने वाले सीसी कैमरों की जांच की। कुछ अहम सुराग हाथ लगे। साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने घटना में शामिल मास्टरमाइंड सौरभ सिंह निवासी चिल्ला शिवकुटी प्रयागराज और उसके दोस्त मो. कलीम निवासी रूदापुर, फाफामऊ प्रयागराज को वाराणसी-प्रयागराज हाईवे पर चकपड़वना के पास से गिरफ्तार किया।
हत्या का मास्टरमाइंड सौरभ सिंह कॉलेज के प्रवक्ता स्व. अजय बहादुर सिंह का पुत्र है। 1997 में नियुक्ति के कुछ ही दिन बाद अजय बहादुर की हत्या कर दी गई थी। इसमें योगेंद्र बहादुर सिंह और उनके छोटे भाई आरोपी थे। सौरभ सिंह ने बताया कि उसने अपने पिता की हत्या का बदला लेने के लिए प्रधानाचार्य की हत्या कराने की योजना बनाई। एसपी ने बताया कि घटना के एक महीने पहले से प्रधानाचार्य की दो वाहनों से रेकी की जा रही थी। एक वाहन सौरभ का था।
Basic Shiksha Khabar | PRIMARY KA MASTER | SHIKSHAMITRA | Basic Shiksha News | Primarykamaster | Updatemarts | Primary Ka Master | Basic Shiksha News | Uptet News | primarykamaster | SHIKSHAMITRA






