यूपी में हीट वेव ढा सकती है कहर, दो से चार डिग्री तक चढ़ सकता है पारा, मौसम विभाग की कई राज्यों के लिए चेतावनी
मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने रविवार को गर्मी और लू को लेकर चेतावनी जारी की। विभाग के अनुसार, दिल्ली, हरियाणा, यूपी समेत छह राज्यों में चार से पांच दिन लू के थपेड़े झुलसाएंगे
मौसम विभाग ने दिल्ली और पश्चिमी यूपी में सोमवार से बुधवार तक कई स्थानों पर उष्ण लहर चलने की आशंका जताई है। राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, मध्य प्रदेश में गुरुवार तक तेज गर्मी की चेतावनी दी गई है। गुजरात में सोमवार से गुरुवार तक तेज लू चल सकती है।
पर्वतीय राज्य हिमाचल प्रदेश में भी कुछ जगहों पर सोमवार को लू चलने के आसार हैं। मध्य प्रदेश में मंगलवार से गुरुवार तक उष्ण लहर की संभावना है। हालांकि, पूर्वोत्तर भारत में मौसम विपरीत रहेगा और गरज, बिजली और तेज हवाओं के साथ हल्की या मध्यम बारिश हो सकती है।
न्यतम पारे में भी वृद्धि संभव : विभाग के अनुसार, अगले चार दिनों में मध्य और उत्तर-पश्चिम भारत के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान में दो से चार डिग्री की बढ़ोतरी होगी। पश्चिमी यूपी में सोमवार से हीट वेव की शुरुआत होगी। तीन दिनों तक असर रहेगा। इसके बाद आंधी-पानी से एक-दो दिन राहत की संभावना है। पूर्वी यूपी में तापमान में उतार-चढ़ाव रहेगा। मंगलवार से गुरुवार तक 50 किमी प्रति घंटे रफ्तार से हवाएं चलेंगी। लखनऊ में रविवार को पारा 38.8 डिग्री रहा।
यूपी सरकार ने जिलों को सतर्क किया: मौसम विभाग के खतरनाक पूर्वानुमान के जवाब में यूपी सरकार ने जिला प्रशासन को शमन उपायों को लागू करने का निर्देश दिया है। राहत आयुक्त भानु चंद्र गोस्वामी ने कहा कि जिला प्रशासन को संभावित प्रतिकूल गर्मी के बारे में सचेत कर जरूरी उपाय करने के निर्देश दिए हैं। जिलों के अस्पतालों को भी गर्मी से संबंधित रोगों में वृद्धि पर एहतियातन सतर्क रहने के लिए कहा गया है। पशुपालन मंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि राज्य भर में पशु आश्रय स्थलों को पशुओं को छायादार क्षेत्र, पर्याप्त पानी उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि सिंध और बलूचिस्तान की ओर से आने वाली गर्म और शुष्क रेगिस्तानी हवाएं राजस्थान और गुजरात में तापमान बढ़ा रही हैं। उत्तर-पश्चिम भारत के साथ-साथ मध्य और पूर्वी भारत में भी अगले दो दिन गर्मी तेज बनी रह सकती है।
बुंदेलखंड को गंभीर हालात का सामना करना पड़ सकता
उत्तर प्रदेश में अप्रैल, मई और जून में सामान्य से अधिक तापमान,भीषण गर्मी की आशंका है। तेज उष्ण लहर का भी पूर्वानुमान जताया है। विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि राज्य के बुंदेलखंड क्षेत्र को सबसे गंभीर स्थिति का सामना करना पड़ सकता है। पूरे प्रदेश में सामान्य से अधिक अधिकतम पारा रहने की उम्मीद है।
Basic Shiksha Khabar | PRIMARY KA MASTER | SHIKSHAMITRA | Basic Shiksha News | Primarykamaster | Updatemarts | Primary Ka Master | Basic Shiksha News | Uptet News | primarykamaster | SHIKSHAMITRA






