प्रयागराज : प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक (टीजीटी), प्रवक्ता संवर्ग (पीजीटी), प्रधानाचार्य, प्रधानाध्यापक और सहायक अध्यापक संवर्ग से जुड़ी नई भर्ती की तैयारी कर रहे उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग अभ्यर्थियों के लिए महत्वपूर्ण बदलाव करने जा रहा है। अब भर्ती परीक्षा का पाठ्यक्रम केवल हिंदी तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसे अंग्रेजी भाषा में भी तैयार कराया जाएगा।
इससे अंग्रेजी माध्यम से पढ़ाई करने वाले अभ्यर्थियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। अब तक आयोग द्वारा जारी पाठ्यक्रम केवल हिंदी माध्यम में तैयार किया जाता था, जिसके कारण सीबीएसई, आईसीएसई और अन्य अंग्रेजी माध्यम बोर्डों से पढ़ाई करने वाले अभ्यर्थियों को तैयारी में कठिनाई होती थी।
शिक्षा सेवा चयन आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने इस व्यवस्था में बदलाव का निर्णय लिया है। आगामी विज्ञापनों की पूरी परीक्षा पाठ्यक्रम सामग्री हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में तैयार की जा रही है। कुछ विषयों का पाठ्यक्रम दोनों भाषाओं में पहले से ही उपलब्ध था।
शिक्षा निदेशालय से अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में खाली 23,213 पदों की सूचना आयोग को भेजी गई है। इनमें प्रधानाचार्य के 1502, पीजीटी के 2705, टीजीटी के 16,114 और सहायक अध्यापक संबद्ध प्राथमिक शिक्षा के 1889 पद शामिल हैं।
शिक्षा निदेशालय ने रिक्त पदों की जानकारी आयोग को ई-अधियाचन पोर्टल पर अपलोड करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। आयोग इन पदों की समीक्षा के बाद भर्ती प्रक्रिया का विज्ञापन जारी करेगा।
भर्ती के लिए तैयार किए जा रहे पाठ्यक्रम में नए परीक्षा पैटर्न और विषयवस्तु को भी शामिल किया जाएगा। भर्ती विज्ञापन जारी होने से पहले नया पाठ्यक्रम आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध कराया जाएगा।
Basic Shiksha Khabar | PRIMARY KA MASTER | SHIKSHAMITRA | Basic Shiksha News | Primarykamaster | Updatemarts | Primary Ka Master | Basic Shiksha News | Uptet News | primarykamaster | SHIKSHAMITRA





