एसटीएफ की निगरानी में आज होगी टीजीटी परीक्षा
एआई आधारित एकीकृत नियंत्रण कक्ष से केंद्रों पर रखी जाएगी नजर
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग की ओर से प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक (टीजीटी) 2022 भर्ती के 3,539 पदों के लिए लिखित परीक्षा एसटीएफ की निगरानी में तीन और चार जून को दो-दो पालियों में होगी। परीक्षा की निगरानी एआई आधारित एकीकृत नियंत्रण कक्ष से की जाएगी। आयोग और एसटीएफ की टीमें पूरी तरह अलर्ट मोड में हैं। सूत्रों के मुताबिक, संदिग्ध सॉल्वर गैंग के कुछ सदस्यों को एसटीएफ ने रडार पर लिया है। करीब चार वर्ष बाद हो रही टीजीटी 2022 परीक्षा में 8,68,531 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं। शिक्षा चयन बोर्ड के अध्यक्ष प्रशांत कुमार के अनुसार, प्रयागराज समेत प्रदेश के 36 जिलों में 614 केंद्रों पर सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे और 2:30 बजे से 4:30 बजे तक परीक्षा होगी। उन्होंने कहा कि कंट्रोल रूम से अभ्यर्थियों की बायोमैट्रिक उपस्थिति एवं सत्यापन की प्रक्रिया का सीधा प्रसारण एवं रिकॉर्ड आयोग कार्यालय में उपलब्ध रहेगा। इससे परीक्षा प्रक्रिया की पारदर्शिता सुनिश्चित होगी। किसी भी प्रकार की गड़बड़ी की स्थिति में नियंत्रण कक्ष से त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई की जा सकेगी।
राजकीय इंटर कॉलेज प्रवक्ता भर्ती परीक्षा 14 जून को, 67 जिलों में बनाए गए केंद्र
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने प्रवक्ता राजकीय इंटर कॉलेज (प्रारंभिक) परीक्षा-2025 के आयोजन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। परीक्षा 14 जून को प्रदेश के 67 जिलों में एक ही सत्र में आयोजित की जाएगी। अभ्यर्थी सुबह 9:30 से 11:30 बजे तक परीक्षा में शामिल होंगे। आयोग के अनुसार हिंदी, संस्कृत, इतिहास, भूगोल, अर्थशास्त्र, भौतिक विज्ञान, उर्दू, गणित, समाजशास्त्र, जीव विज्ञान, अंग्रेजी, नागरिकशास्त्र व रसायन विज्ञान सहित 13 विषयों की प्रारंभिक परीक्षा 14 जून को प्रदेशव्यापी स्तर पर आयोजित की जाएगी। वहीं प्रवक्ता (कारागार प्रशासन) पद से संबंधित विषयों की परीक्षा अलग से आयोजित की जाएगी। मनोविज्ञान विषय की परीक्षा 17 जून को प्रथम सत्र में सुबह 9:30 से 11:30 बजे तक होगी। अपराध विज्ञान व दंड शास्त्र विषय की परीक्षा 17 जून को द्वितीय सत्र में दोपहर 2:30 बजे से 4:30 बजे तक आयोजित की जाएगी। आयोग ने स्पष्ट किया है कि अपराध विज्ञान व दंड शास्त्र विषय की परीक्षा केवल लखनऊ में आयोजित होगी। अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र पर निर्धारित समय से पूर्व पहुंचने तथा प्रवेश पत्र व पहचान पत्र साथ लाने के निर्देश दिए गए हैं।
Basic Shiksha Khabar | PRIMARY KA MASTER | SHIKSHAMITRA | Basic Shiksha News | Primarykamaster | Updatemarts | Primary Ka Master | Basic Shiksha News | Uptet News | primarykamaster | SHIKSHAMITRA






