लखनऊ, 15 जून। विश्व वृद्धजन दुर्व्यवहार जागरूकता दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों के नाम एक भावनात्मक पत्र जारी कर समाज में बढ़ती वृद्धजन उपेक्षा और दुर्व्यवहार की चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि वृद्धजन परिवार और समाज की अमूल्य धरोहर हैं तथा उनके सम्मान, सुरक्षा और देखभाल की जिम्मेदारी प्रत्येक नागरिक की है।
मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि बदलती जीवनशैली और रोजगार के कारण युवा पीढ़ी का घर से दूर रहना वृद्ध माता-पिता के लिए अकेलेपन और उपेक्षा की स्थिति पैदा कर रहा है। उन्होंने कहा कि वृद्धावस्था में बुजुर्गों को सबसे अधिक अपनत्व और सम्मान की आवश्यकता होती है, लेकिन दुर्भाग्यवश कई बार उन्हें दुर्व्यवहार का सामना करना पड़ता है।
योगी आदित्यनाथ ने भारतीय संस्कृति और सनातन परंपराओं का उल्लेख करते हुए कहा कि हमारे यहां माता-पिता और गुरु को ईश्वर के समान माना गया है। भगवान गणेश और भगवान श्रीराम के उदाहरण देते हुए उन्होंने बताया कि माता-पिता की सेवा और सम्मान भारतीय जीवन मूल्यों का आधार है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वृद्धजनों का सम्मान केवल एक संस्कार नहीं, बल्कि हमारी गौरवशाली सभ्यता और संस्कृति की पहचान है। उन्होंने परिवारों से आग्रह किया कि वे अपने बुजुर्गों को सम्मान, प्रेम और सुरक्षा प्रदान करें तथा उनके अनुभवों और मार्गदर्शन का लाभ उठाएं।
अपने पत्र में मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार द्वारा वृद्धजनों और निराश्रित महिलाओं के कल्याण के लिए संचालित योजनाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि सरकार निराश्रित महिलाओं को प्रतिमाह ₹1,500 पेंशन प्रदान कर रही है तथा उन्हें आयुष्मान भारत, मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना और आवास योजनाओं का लाभ भी उपलब्ध कराया जा रहा है।
अंत में मुख्यमंत्री ने सभी वृद्धजनों के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना करते हुए योग को दैनिक जीवन में अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की इस वर्ष की थीम “स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग” है, जो वृद्धजनों के सम्मान, स्वास्थ्य और गरिमापूर्ण जीवन के वैश्विक संकल्प को दर्शाती है।
“मातृदेवो भवः, पितृदेवो भवः” के संदेश के साथ मुख्यमंत्री ने समाज से वृद्धजनों के प्रति संवेदनशील और सम्मानपूर्ण व्यवहार अपनाने की अपील की।
Basic Shiksha Khabar | PRIMARY KA MASTER | SHIKSHAMITRA | Basic Shiksha News | Primarykamaster | Updatemarts | Primary Ka Master | Basic Shiksha News | Uptet News | primarykamaster | SHIKSHAMITRA






