यूपी बोर्ड परीक्षार्थियों के प्रवेश पत्र पर होंगे पहली बार उनके हस्ताक्षर
10वीं-12वीं के पंजीकरण संग हस्ताक्षर ले रहा है यूपी बोर्ड, नकल पर लगेगी रोक
पहली बार परीक्षार्थियों के प्रवेश पत्र पर होंगे उनके हस्ताक्षर
प्रयागराज। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा 2027 में सम्मिलित होने वाले 50 लाख से अधिक छात्र-छात्राओं के हस्ताक्षर पहली बार उनके प्रवेश पत्र पर अंकित होंगे। बोर्ड परीक्षा को नकलविहीन और पारदर्शी बनाने के लिए बोर्ड ने इस साल यह पहल की है। वर्तमान में चल रहे 10वीं-12वीं परीक्षा के ऑनलाइन पंजीकरण के साथ परीक्षार्थियों की फोटो के साथ हस्ताक्षर भी लिए जा रहे हैं।
परीक्षा के दौरान जब छात्र-छात्राएं अपनी उत्तरपुस्तिका और उपस्थिति पंजिका पर हस्ताक्षर करेंगे तो प्रवेश पत्र पर अंकित हस्ताक्षर से उनका मिलान किया जाएगा, ताकि वास्तविक विद्यार्थी ही परीक्षा में सम्मिलित हो सके। पिछली परीक्षाओं में कई परीक्षार्थियों के स्थान पर सॉल्वर के शामिल करवाने की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। नकल की बदौलत बोर्ड परीक्षा पास करवाने का ठेका लेने वाले निजी स्कूलों के संचालक फोटो मिक्सिंग के जरिए सॉल्वरों को परीक्षा में शामिल कराने का खेल करते हैं। ऐसे मामलों में तमाम नकल माफिया और सॉल्वरों के खिलाफ विभिन्न जिलों में एफआईआर भी दर्ज करवाई गई थी। नकल माफिया के मंसूबों को फेल करने के मकसद से अधिकारियों ने इस साल अभी से कवायद शुरू कर दी है।
इस साल हाईस्कूल व इंटर के विद्यार्थियों के पंजीकरण पांच अगस्त तक होने हैं। दस अगस्त तक कोषागार में फीस जमा करने के बाद प्रधानाचार्य शुल्क की सूचना तथा छात्र-छात्राओं के शैक्षिक विवरण बोर्ड की वेबसाइट पर 16 अगस्त की रात 12 बजे तक अपलोड करेंगे।
प्रमुख बिंदु
परीक्षा में कॉपी और उपस्थिति पंजिका पर करना होता है हस्ताक्षर।
10वीं-12वीं परीक्षा 2027 के लिए हो रहा है ऑनलाइन पंजीकरण।
“शासन की मंशा के अनुरूप बोर्ड परीक्षा को नकलविहीन और शुचितापूर्ण कराने के लिए हम प्रतिबद्ध हैं। इस साल परीक्षार्थियों के हस्ताक्षर भी लिए जा रहे हैं, जिनका मिलान उत्तरपुस्तिका और उपस्थिति पंजिका पर उनके हस्ताक्षर से करवाया जाएगा।”
— भगवती सिंह, सचिव, यूपी बोर्ड
व्यक्तिगत परीक्षार्थियों के पंजीकरण पांच तक
प्रयागराज। यूपी बोर्ड ने शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा के व्यक्तिगत परीक्षार्थियों के आवेदन पत्र अग्रसारित करने की समय-सारिणी शनिवार को जारी कर दी। अग्रसारण केंद्र के प्रधानाचार्य 10वीं-12वीं के परीक्षार्थियों के आवेदन पत्र का अग्रसारण तथा परीक्षा शुल्क पांच अगस्त तक प्राप्त करेंगे। परीक्षा शुल्क एकमुश्त चालान के माध्यम से कोषागार में जमा करने की अंतिम तिथि दस अगस्त है। दस अगस्त के बाद प्रति छात्र 100 रुपये विलंब शुल्क के साथ परीक्षा शुल्क चालान 16 अगस्त तक कोषागार में जमा होगा।
परीक्षा शुल्क की सूचना, छात्र-छात्राओं के शैक्षिक विवरण बोर्ड की वेबसाइट पर 16 अगस्त की रात 12 बजे तक अपलोड हो सकेंगे। प्रधानाचार्य पंजीकृत विद्यार्थियों की फोटोयुक्त नामावली एवं कोषपत्र की प्रति 30 सितंबर तक जमा करेंगे।
Basic Shiksha Khabar | PRIMARY KA MASTER | SHIKSHAMITRA | Basic Shiksha News | Primarykamaster | Updatemarts | Primary Ka Master | Basic Shiksha News | Uptet News | primarykamaster | SHIKSHAMITRA






