ट्यूशन पढ़कर लौट रही साहसी लड़की ने छेड़छाड़ कर रहे मनचलों पर बरसाई चप्पल, VIDEO वायरल
उत्तर प्रदेश के बिजनौर में साहसी लड़की ने मनचलों को सबक सीखा दिया। ट्यूशन पढ़कर साइकिल से अपने गांव लौट रही किशोरी से बाइक सवार दो युवकों ने छेड़छाड़ कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने किशोरी को बाइक पर खींचने का प्रयास किया। इस पर किशोरी दोनों मनचलों से भिड़ गई और चप्पलों से दोनों की धुनाई कर दी। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। हालांकि लाइव हिन्दुस्तान वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार मंगलवार शाम किशोरी ट्यूशन पढ़कर साइकिल से गांव लौट रही थी। आरोप है कि गांव रामसहायवाला के रहने वाले एहतेशाम और जीशान ने रास्ते में किशोरी को रोक लिया और छेड़छाड़ करने लगे। किशोरी ने विरोध किया तो युवकों ने उसे जबरन बाइक पर बैठाकर ले जाने का प्रयास किया। इस पर किशोरी दोनों आरोपियों से भिड़ गई। किशोरी ने हिम्मत का परिचय देते हुए चप्पलों से दोनों की सरेआम पिटाई शुरू कर दी। यह देख वहां से गुजर रहे राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। लोगों को देख दोनों आरोपी जान बचाकर बाइक लेकर भाग निकले। मनचलों की धुनाई का किसी ने वीडियो बना लिया जो अब तेजी से वायरल हो रहा है।
पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया
वीडियो में किशोरी दोनों युवकों को चप्पलों से पीटते हुए दिखाई दे रही है। घटना ने एक बार फिर साबित कर दिया कि बेटियां अब अपने सम्मान और सुरक्षा के लिए आवाज उठाना और मुकाबला करना जानती हैं। किशोरी के पिता ने आरोपी अहतेशाम और जीशान के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
Basic Shiksha Khabar | PRIMARY KA MASTER | SHIKSHAMITRA | Basic Shiksha News | Primarykamaster | Updatemarts | Primary Ka Master | Basic Shiksha News | Uptet News | primarykamaster | SHIKSHAMITRA




