जनगणना-2027: अपने मोबाइल पर स्व-गणना कर सकेंगे लोग
प्रतापगढ़: जनगणना-2027 के द्वितीय चरण की तैयारियों को गति देने के उद्देश्य से मुख्य विकास अधिकारी डॉ. राममोहन मीणा ने गुरुवार को समीक्षा की। उन्होंने प्रगणकों के साथ बैठक कर तैयारियों को परखा और उन्हें स्व-गणना की प्रक्रिया का प्रशिक्षण दिया। उन्होंने कहा कि आमजन अपने मोबाइल पर स्व-गणना कर सकेंगे।
मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि 16 नवंबर से स्व-गणना की प्रक्रिया प्रारंभ होगी। इसके लिए सभी प्रगणक अपने-अपने निर्धारित क्षेत्रों में उपस्थित रहकर आमजन को स्व-गणना के प्रति जागरूक करेंगे और उन्हें आवश्यक सहयोग प्रदान करेंगे। उन्होंने कहा कि जनगणना-2027 में पहली बार पूरी प्रक्रिया डिजिटल एवं पेपरलेस माध्यम से होगी। स्व-गणना के माध्यम से नागरिक अपने मोबाइल फोन का उपयोग कर घर बैठे परिवार से संबंधित आवश्यक जानकारियां स्वयं दर्ज कर सकेंगे।
प्रशिक्षक धर्मेंद्र ओझा ने स्व-गणना के महत्व एवं प्रक्रिया की जानकारी देते हुए कहा कि नागरिक अपनी जनगणना स्वयं कर सकते हैं। इसके लिए मोबाइल के माध्यम से निर्धारित ऐप पर जानकारी दर्ज करनी होगी। स्व-गणना की पूरी प्रक्रिया को विस्तार से समझाया गया। बताया गया कि सबसे पहले ऐप पर अपना मोबाइल नंबर दर्ज करना होगा। इसके बाद मोबाइल पर प्राप्त ओटीपी को सत्यापित कर ऐप पर पूछे गए प्रश्नों के उत्तर भरने होंगे। सभी जानकारियां दर्ज करने के बाद प्राप्त स्व-गणना आईडी को सुरक्षित रखना होगा। जब प्रगणक घर पर जनगणना के लिए पहुंचेंगे, तब उन्हें यह आईडी उपलब्ध करानी होगी, जिसके माध्यम से प्रगणक जनगणना की प्रक्रिया पूर्ण करेंगे।
तहसीलदार सदर ओम प्रकाश सिंह, खंड शिक्षा अधिकारी सदर बंशीधर पांडे, खंड शिक्षा अधिकारी मानधाता प्रभाकर यादव एवं विंध्याचल सिंह सहित संबंधित अधिकारी एवं प्रगणक मौजूद रहे।
Basic Shiksha Khabar | PRIMARY KA MASTER | SHIKSHAMITRA | Basic Shiksha News | Primarykamaster | Updatemarts | Primary Ka Master | Basic Shiksha News | Uptet News | primarykamaster | SHIKSHAMITRA


