औरैया। भाग्यनगर बीआरसी से निशुल्क पाठ्यपुस्तक वितरण व्यवस्था की पोल खोलने वाला एक वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हुआ। सरकारी स्कूलों के बच्चों को निशुल्क बांटी जाने वाली किताबें कबाड़ की दुकान पर दिखाई दीं। हालांकि वायरल वीडियो की पुष्टि संवाद न्यूज एजेंसी नहीं करता।
वीडियो में बेला रोड दिबियापुर में मोहित कबाड़ी की दुकान में सरकारी किताबों को किलो के हिसाब से तौला जा रहा है। वायरल वीडियो में यह दिख रहा है कि सभी पुस्तकें नवीन शैक्षिक सत्र 2025-26 की हैं, जिन्हें परिषदीय विद्यालयों में पढ़ने वाले नौनिहालों को निशुल्क उपलब्ध कराया जाना था।
बच्चों के हाथों में पहुंचने के बजाय इन किताबों का कबाड़ी की दुकान तक पहुंचना सीधे तौर पर विभागीय निगरानी और वितरण तंत्र की लापरवाही को उजागर कर रहा है। मामले ने जब तूल पकड़ा तो विभाग हरकत में आया। अब पूरे प्रकरण की परतें खोलने के लिए उच्चस्तरीय जांच की तैयारी की जा रही है।
इस जांच के दायरे में भाग्यनगर बीआरसी के स्टॉक रजिस्टर, वितरण अभिलेख और संबंधित कर्मचारियों की भूमिका रहेगी। यह पता लगाया जाएगा कि आखिर कितनी संख्या में किताबें गायब हुईं और इन्हें कबाड़ में बेचने के पीछे किसका हाथ है। वहीं, वीडियो के साथ कबाड़ दुकान के संचालक का कहना है कि वह बिना पढ़ा-लिखा है। बताया कि उसने किताबों को बेचने वालों से जब जानकारी चाही तो उन्होंने कहा कि यह किताबें पुरानी हो चुकी हैं। कबाड़ी ने बीआरसी के दो लोगों के नाम भी लिए हैं जो इन किताबों को बेचने के लिए आए थे।
तीन खंड शिक्षा अधिकारियों को हुआ तबादला
खंड शिक्षा अधिकारी दाताराम, अलकेश कुमार सकलेचा, प्रवीण कुमार का तबादला गैर जनपद हो गया है। उनकी जगह इटावा के अनुपम शुक्ल, कानपुर देहात से अजब सिंह, कानपुर से पूनम वर्मा को तैनाती मिली है।
कबाड़ की दुकान पर सरकारी किताबें मिलने के प्रकरण की जानकारी संज्ञान में आई है। यह गंभीर मामला है। इसकी निष्पक्ष जांच कराने के लिए कमेटी गठित की जा रही है। कमेटी की रिपोर्ट आने के बाद जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी।- संजीव कुमार, बीएसए, औरैया
Basic Shiksha Khabar | PRIMARY KA MASTER | SHIKSHAMITRA | Basic Shiksha News | Primarykamaster | Updatemarts | Primary Ka Master | Basic Shiksha News | Uptet News | primarykamaster | SHIKSHAMITRA


