शिक्षक से 20 लाख रुपये की रंगदारी मांगने वाला नाबालिग जीआरपी के हत्थे चढ़ा
प्रयागराज। जौनपुर जिले के थाना तेजी बाजार क्षेत्र में एक शिक्षक से 20 लाख रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में जीआरपी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नाबालिग आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को रविवार को छिवकी रेलवे स्टेशन से पकड़ा गया, जब वह महानगर एक्सप्रेस से मुंबई भागने की फिराक में था।
पुलिस के अनुसार, 15 वर्षीय किशोर ने अपने एक साथी के साथ मिलकर शिक्षक से 20 लाख रुपये की फिरौती मांगी थी। रकम न मिलने पर आरोपी ने फायरिंग कर दी और फरार हो गया। इस मामले में तेजी बाजार थाने में आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी।
शनिवार को जीआरपी पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी महानगर एक्सप्रेस से मुंबई जाने वाला है। सूचना के आधार पर जीआरपी प्रभारी अखिलेश कुमार सिंह के नेतृत्व में टीम ने छिवकी रेलवे स्टेशन पर सघन चेकिंग अभियान चलाया। ट्रेन पहुंचने पर एस-6 बोगी में चेकिंग के दौरान आरोपी को दबोच लिया गया और बाद में जौनपुर पुलिस को सौंप दिया गया।
हत्या का वांछित आरोपी भी पकड़ा गया
इसी दौरान एक अन्य कार्रवाई में बलिया पुलिस की सूचना पर जीआरपी ने हत्या के मामले में वांछित आरोपी को भी गिरफ्तार किया। बताया गया कि सुखपुरा थाना क्षेत्र के बसंतपुर निवासी मिथुन साहनी पर पत्नी की हत्या का आरोप है और उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज है। वह ताप्ती गंगा ट्रेन से भाग रहा था।
सूचना मिलते ही जीआरपी टीम ने छिवकी स्टेशन पर ट्रेन की चेकिंग की और आरोपी को पकड़ लिया। जीआरपी प्रभारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी को बलिया पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है।
जीआरपी की इस कार्रवाई से रेल यात्रियों में सुरक्षा को लेकर भरोसा बढ़ा है। पुलिस ने कहा है कि ट्रेनों और स्टेशनों पर लगातार चेकिंग अभियान जारी रहेगा।
Basic Shiksha Khabar | PRIMARY KA MASTER | SHIKSHAMITRA | Basic Shiksha News | Primarykamaster | Updatemarts | Primary Ka Master | Basic Shiksha News | Uptet News | primarykamaster | SHIKSHAMITRA






