आठवें वेतन आयोग के कार्यक्षेत्र में पेंशन संबंधी सभी मुद्दों को शामिल करने की मांग को लेकर प्रदेश के हजारों पेंशनरों ने प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) का दरवाजा खटखटाया है। सेवानिवृत्त कर्मचारी एवं पेंशनर्स एसोसिएशन उत्तर प्रदेश की अगुवाई में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत प्रदेश के प्रत्येक जिले से एक-एक हजार पेंशनरों के हस्ताक्षरयुक्त मांग पत्र पीएमओ को भेजे जा रहे हैं।
एसोसिएशन की ओर से अब तक प्रदेश के 18 जिलों से लगभग 20 हजार पेंशनरों के मांग पत्र पीएमओ भेजे जा चुके हैं। प्रयागराज, लखनऊ, वाराणसी, बाराबंकी, जौनपुर, जालौन, अलीगढ़, फिरोजाबाद, अमरोहा, बुलंदशहर, मऊ, बस्ती, आजमगढ़, मिर्जापुर, चित्रकूट, बांदा, बिजनौर और गाजीपुर के पेंशनर पेंशन का मुद्दा आठवें वेतन आयोग में शामिल करने की सिफारिश भेज चुके हैं।
आने वाले दिनों में शेष जिलों से भी बड़ी संख्या में मांग पत्र भेजे जाएंगे, ताकि केंद्र सरकार तक पेंशनरों की आवाज प्रभावी ढंग से पहुंच सके।
सेवानिवृत्त कर्मचारी एवं पेंशनर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष अमरनाथ यादव ने बताया कि इस राज्यव्यापी अभियान की शुरुआत 17 जून को बाराबंकी से की गई थी। इसके बाद विभिन्न जिलों में पेंशनरों से संपर्क कर हस्ताक्षर अभियान चलाया गया और मांग पत्र प्रधानमंत्री कार्यालय भेजे जाने लगे।
तय हुआ था कि हर जिले से एक-एक हजार पेंशनर पेंशन का मुद्दा आठवें वेतन आयोग की सिफारिश में शामिल करने का मांग पत्र भेजेंगे। अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि यह अभियान केवल मांग पत्र भेजने तक सीमित नहीं रहेगा। प्रदेश के सभी जिलों से अधिकतम संख्या में पेंशनरों को जोड़कर प्रधानमंत्री कार्यालय तक उनकी मांग पहुंचाई जाएगी।
Basic Shiksha Khabar | PRIMARY KA MASTER | SHIKSHAMITRA | Basic Shiksha News | Primarykamaster | Updatemarts | Primary Ka Master | Basic Shiksha News | Uptet News | primarykamaster | SHIKSHAMITRA






