असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती में कई नए संबद्ध विषय भी शामिल
प्रदेश के 330 सहायता प्राप्त महाविद्यालयों में असिस्टेंट प्रोफेसर के 1936 पदों पर भर्ती के लिए इस बार कई संबद्ध विषयों को मौका मिला है। विशेषज्ञों ने समीक्षा के बाद पहली बार इन विषयों को संबद्ध विषय मानते हुए मुख्य विषय में आवेदन की सहमति दी है। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग की ओर से जारी विज्ञापन में इन्हें शामिल कर लिया गया है।
संस्कृत विषय में संस्कृत में निष्णात उपाधि/संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय से संस्कृत में आचार्य की उपाधि प्राप्त अभ्यर्थी भी आवेदन कर सकते हैं। इतिहास में मध्यकालीन, आधुनिक, प्राचीन इतिहास एवं पुरातत्व को भी मान्य किया गया है। पुरातत्व एवं विरासत प्रबंधन से पढ़ाई करने वाले प्राचीन इतिहास की भर्ती में आवेदन कर सकते हैं।
एशियन कल्चर में पूर्व के संबद्ध विषयों के साथ मानव शास्त्र को भी शामिल किया गया है। समाजशास्त्र में सोशल वर्क, अर्थशास्त्र में व्यवहारिक अर्थशास्त्र, शारीरिक शिक्षा में एमपीएड/एमपीई, वाणिज्य में लेखाशास्त्र एवं व्यावसायिक सांख्यिकी व आर्थिक प्रशासन एवं वित्तीय प्रबंध की पढ़ाई करने वालों को भी आवेदन की अनुमति दी गई है।
रसायन विज्ञान में व्यवहारिक रसायनशास्त्र कार्बनिक/अकार्बनिक रसायन और फार्मास्युटिकल भी पहली बार मान्य हुए हैं। प्राणि विज्ञान में अन्य विषयों के साथ फिशरीज एंड लाइफ साइंस भी मान्य किए गए है।
एक विषय से की पढ़ाई, कई में करेंगे आवेदन
असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती में संबद्धता ऐसी है कि कुछ अभ्यर्थी एक से अधिक विषयों में आवेदन कर सकते हैं। माइक्रोबायोलॉजी, मॉलीक्यूलर एंड ह्यूमन जेनेटिक्स, पर्यावरण विज्ञान एवं लाइफ साइंस से पढ़ाई करने वाले वनस्पति विज्ञान और प्राणी विज्ञान दोनों में आवेदन कर सकते हैं। प्राचीन, मध्यकालीन एवं आधुनिक इतिहास और पुरातत्व के अभ्यर्थी इतिहास और एशियन कल्चर दोनों विषयों के लिए अर्ह हैं। मानव शास्त्र वाले अपने विषय के साथ एशियन कल्चर में भी मान्य हैं।
Basic Shiksha Khabar | PRIMARY KA MASTER | SHIKSHAMITRA | Basic Shiksha News | Primarykamaster | Updatemarts | Primary Ka Master | Basic Shiksha News | Uptet News | primarykamaster | SHIKSHAMITRA



