लखीमपुर खीरी। पलिया क्षेत्र के दो परिषदीय विद्यालयों में बच्चों की संख्या वास्तविक उपस्थिति से अधिक दर्शाकर मध्याह्न भोजन (एमडीएम) योजना में अनियमितता का मामला सामने आया है। खंड शिक्षा अधिकारी की जांच रिपोर्ट के आधार पर बीएसए प्रवीण कुमार तिवारी ने संविलियन विद्यालय निबुआबोझ की प्रधानाध्यापिका संतोषी रानी रस्तोगी और संविलियन विद्यालय पंजाबघाट के प्रधानाध्यापक ओमपाल को निलंबित कर दिया।
संविलियन विद्यालय निबुआबोझ में बीईओ रमन सिंह ने 13 मई 2026 को निरीक्षण किया। जांच में 252 नामांकित बच्चों के सापेक्ष 85 बच्चे उपस्थित मिले, जबकि पूर्व की तिथियों 9, 11 और 12 मई को एमडीएम पंजिका में क्रमशः 208, 208 और 195 बच्चों की उपस्थिति दर्ज थी। 23 सितंबर 2025 और सात मार्च 2025 के निरीक्षण में भी वास्तविक उपस्थिति और पंजिका में दर्ज संख्या में बड़ा अंतर पाया गया।
जांच रिपोर्ट के अनुसार विद्यालय में कन्वर्जन कास्ट मद में 2,46,886.92 रुपये तथा लगभग 36.65 क्विंटल खाद्यान्न के गबन का आरोप है। ग्रीन स्कूल, इको क्लब, स्वच्छता एवं सफाई तथा हर्बल गार्डन निर्माण मद में प्राप्त 62,500 रुपये के कार्य भी मौके पर नहीं मिले।
संविलियन विद्यालय पंजाबघाट के निरीक्षण में 199 नामांकित छात्रों के सापेक्ष 102 छात्र उपस्थित मिले, जबकि पूर्व के तीन दिनों में 167, 165 और 171 छात्रों की उपस्थिति दर्ज की गई थी। जांच में प्राथमिक स्तर पर 49,547.44 रुपये और जूनियर स्तर पर 1,17,890.64 रुपये अधिक आहरित करने का आरोप है। साथ ही प्राथमिक स्तर पर 7.30 क्विंटल और जूनियर स्तर पर 17.38 क्विंटल खाद्यान्न का अधिक व्यय दर्शाने की बात सामने आई। एलईडी मद में 40,000 रुपये तथा 22,046 रुपये की सामग्री संबंधी कार्य भी नहीं मिले।
निबुआबोझ विद्यालय में परिसर की गंदगी, अभिलेखों का सही रखरखाव न होना, विभागीय नोटिसों का जवाब न देना और शैक्षिक गतिविधियों में लापरवाही भी मिली। वहीं पंजाबघाट विद्यालय में मध्यान्ह भोजन निर्धारित मीनू के अनुसार न मिलना, भोजन की गुणवत्ता खराब होना तथा अभिलेखों और क्रय संबंधी दस्तावेजों में अनियमितताएं पाई गईं।
बीएसए ने बताया कि दोनों शिक्षकों को प्रथम दृष्टया आरोपों का दोषी मानते हुए विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है। निलंबन अवधि में संतोषी रानी रस्तोगी को कंपोजिट विद्यालय महंगापुर तथा ओमपाल को कंपोजिट विद्यालय नौरंगपुर से संबद्ध किया गया है।
Basic Shiksha Khabar | PRIMARY KA MASTER | SHIKSHAMITRA | Basic Shiksha News | Primarykamaster | Updatemarts | Primary Ka Master | Basic Shiksha News | Uptet News | primarykamaster | SHIKSHAMITRA






