अब बच्चों और गर्भवती महिलाओं को सिर्फ सूखा राशन नहीं, बल्कि ताजा और पौष्टिक भोजन मिलेगा
आंगनबाड़ी में मिलेगा दलिया, हलवा व बर्फी
बहराइच, संवाददाता। आंगनबाड़ी केंद्रों पर अब बच्चों और गर्भवती महिलाओं को सिर्फ सूखा राशन नहीं, बल्कि ताजा और पौष्टिक भोजन मिलेगा। कुपोषण से जंग लड़ने के लिए शिशु अमृत योजना के तहत नई रेसिपी आधारित व्यवस्था लागू कर दी गई है। अब केंद्रों पर दलिया, हलवा, बर्फी और मूंग दाल खिचड़ी आदि पौष्टिक व्यंजन तैयार कर लाभार्थियों को परोसे जाएंगे। जिले में 3472 आंगनबाड़ी केंद्रों पर पहले दाल, तेल और दलिया जैसे सूखे राशन का वितरण किया जाता था, लेकिन अब आयु वर्ग के अनुसार मौके पर ताजा भोजन तैयार किया जाएगा। आयु के अनुसार तय मेन्यू लागू कर दिया गया है। छह माह से एक वर्ष तक के शिशुओं को शिशु अमृत दिया जाएगा। एक से तीन वर्ष तक के बच्चों को आटा-बेसन का हलवा मिलेगा। तीन से छह वर्ष तक के बच्चों को बर्फी और दलिया-मूंग दाल खिचड़ी परोसी जाएगी। कुपोषित बच्चों के लिए विशेष ऊर्जा युक्त भोजन भी मेन्यू में शामिल किया गया है। वहीं, गर्भवती और धात्री महिलाओं को संपूर्ण मातृ आहार के तहत मीठी बर्फी और पौष्टिक खिचड़ी दी जाएगी। इससे जिले के तीन लाख 92791 लाभार्थियों को लाभ मिलेगा। इनमें 47687 गर्भवती व धात्री महिलाएं शामिल हैं, जबकि शून्य से छह माह के 21305 शिशु, छह माह से तीन वर्ष तक के 190227 बच्चे और तीन से छह वर्ष तक के 121655 बच्चे लाभान्वित होंगे।
■ सूखा राशन की व्यवस्था बदलेगी, गर्भवती व धात्री महिलाओं को भी लाभ
■ बच्चों को कुपोषण से बचाने के लिए तैयार होगी पौष्टिक रेसिपी
“नई रेसिपी व्यवस्था लागू होने से बच्चों और महिलाओं को ताजा व गुणवत्तायुक्त भोजन मिलेगा। इससे इनके पोषण स्तर में सुधार आएगा। बेहतर व्यवस्था लागू करने की दिशा में तेजी से काम हो रहा है।”
— निहारिका विश्वकर्मा, डीपीओ, बहराइच
03 हजार चार सौ बहत्तर पूरे जनपद में आंगनबाड़ी केंद्र मौजूद हैं
47 हजार छह सौ सतासी गर्भवती महिलाएं पंजीकृत हैं आंगनबाड़ी केंद्रों पर
Basic Shiksha Khabar | PRIMARY KA MASTER | SHIKSHAMITRA | Basic Shiksha News | Primarykamaster | Updatemarts | Primary Ka Master | Basic Shiksha News | Uptet News | primarykamaster | SHIKSHAMITRA





