लखनऊ। प्रदेश में शिक्षक संगठनों व प्रतियोगी छात्रों के विरोध के बीच परिषदीय विद्यालयों के विलय (पेयरिंग) की कवायद गति पकड़ रही है। इसके तहत बेसिक शिक्षा विभाग अब स्कूलों में अभिभावक शिक्षक बैठक (पीटीएम) में इसके बारे में जानकारी देगा। अभिभावकों को स्कूलों के विलय और नियमित कक्षाओं के संचालन की जानकारी देंगे। साथ ही उनके सुझाव भी लेंगे।
महानिदेशक स्कूल शिक्षा कंचन वर्मा की ओर से सभी डायट प्राचार्य व बीएसए को नए सत्र की तैयारियों के लिए भेजे गए निर्देश में पीटीएम आयोजित करने को कहा गया है।
उन्होंने कहा है कि कम नामांकन वाले विद्यालयों का स्थानीय परिस्थितियों व आवश्यकताओं को देखते हुए विद्यालयों के विलय के निर्देश दिए गए हैं।
पीटीएम करके विद्यालयों के विलय व विद्यालयों में उपलब्ध कराई गई शैक्षणिक सामग्री, डिजिटल संसाधन, लाइब्रेरी के किताबों, खेलकूद सामग्री आदि से अभिभावकों को अवगत कराएं।
अभिभावकों के सुझाव भी लिए जाएंगे और उनकी शंकाओं का समाधान भी किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 18381 विद्यालयों में स्मार्ट क्लास की स्थापना की गई है। इनके संचालन के बारे में भी सभी प्रधानाध्यापकों से आख्या ले लें ताकि जुलाई से इनका बेहतर प्रयोग शुरू किया जा सके।
गांव-गांव अभियान चलाएंगे शिक्षक संगठन
उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ ने परिषदीय स्कूलों के पेयरिंग के नाम पर विलय के विरोध में जन आंदोलन चलाने की घोषणा कर दी है। इस दौरान शिक्षक ग्राम पंचायत स्तर पर लोगों को विद्यालय मर्ज होने से बच्चों की शिक्षा पर पड़ने वाले दुष्परिणाम से अवगत कराएंगे। संघ के प्रदेश अध्यक्ष सुशील कुमार पांडेय ने कहा कि विद्यालय विलय से काफी संख्या में बच्चों को हित प्रभावित होगा। संघ के हरिशंकर राठौर व अटेवा के प्रदेश अध्यक्ष विजय कुमार बंधु ने कहा कि प्रदेश में शिक्षको को बेवजह परेशान किया जा रहा है।
Basic Shiksha Khabar | PRIMARY KA MASTER | SHIKSHAMITRA | Basic Shiksha News | Primarykamaster | Updatemarts | Primary Ka Master | Basic Shiksha News | Uptet News | primarykamaster | SHIKSHAMITRA






