थप्पड़ कांड में छात्र की पढ़ाई का खर्च उठाएगी सरकार
मुजफ्फरनगर, मंसूरपुर के गांव खुब्बापुर में साल 2023 हुए चर्चित थप्पड़ प्रकरण के पीड़ित छात्र की शिक्षा, ड्रेस, पाठ्य-सामग्री और यातायात के खर्च की पूरी जिम्मेदारी अब उत्तर प्रदेश शासन ने अपने हाथों में ले ली है।
घटना के लगभग ढाई वर्ष बाद सुप्रीम कोर्ट के कड़े निर्देशों के अनुपालन में राज्य सरकार ने छात्र की शिक्षा और अन्य जरूरतों के लिए 1.38 लाख की एकमुश्त धनराशि जारी कर दी है। इस सरकारी बजट के स्वीकृत होने से बेसिक शिक्षा विभाग, स्कूल प्रशासन और छात्र के परिजनों को बड़ी राहत मिली है। 2023 में खुब्बापुर के नेहा पब्लिक स्कूल में पढ़ने वाले छात्र को प्रधानाचार्या ने अन्य छात्र से थप्पड़ लगवाया था, जिसके बाद यह प्रकरण सोशल मीडिया के जरिए वायरल हुआ। घटना के बाद पीड़ित छात्र का दाखिला शहर के नामचीन शिक्षण संस्थान शारदेन स्कूल में तत्कालीन बीएसए शुभम शुक्ला ने सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर कराया था।
शुरुआती चरण में छात्र के पठन-पाठन और अन्य व्यवस्थाओं का खर्च बेसिक शिक्षा विभाग अपने स्तर से वहन कर रहा था। इसके बाद छात्र की स्कूल फीस का जिम्मा सैय्यद मुर्तजा मेमोरियल ट्रस्ट ने लिया था। हालांकि, ट्रस्ट की ओर से समय पर फीस जमा न किए जाने के कारण असमंजस की स्थिति बन गई थी।
बीएसए संदीप कुमार ने बताया कि शासन को पत्र भेजकर विशेष बजट की मांग की गई थी। शासन से अब 1.38 लाख की राशि सीधे मंजूर कर दी गई है, जिससे स्कूल की बची हुई फीस, नई ड्रेस, मौजे, स्टेशनरी और अन्य शैक्षणिक सामग्री की व्यवस्था की जा रही है।
Basic Shiksha Khabar | PRIMARY KA MASTER | SHIKSHAMITRA | Basic Shiksha News | Primarykamaster | Updatemarts | Primary Ka Master | Basic Shiksha News | Uptet News | primarykamaster | SHIKSHAMITRA



