राहत… केंद्रीय कर्मियों के लिए कैशलेस इलाज का दायरा बढ़ा
सीजीएचएस से संबद्ध निजी अस्पतालों की नई सूची जारी, कर्मचारियों, पेंशनर्स व आश्रितों को राहत
अमित सरन
प्रयागराज। केंद्र सरकार ने अपने कर्मचारियों, पेंशनरों व आश्रितों को बड़ा तोहफा दिया है। सेंट्रल गवर्नमेंट हेल्थ स्कीम (सीजीएचएस) से संबद्ध निजी अस्पतालों की नई सूची जारी कर दी गई है। इसमें प्रयागराज के कई प्रमुख अस्पताल शामिल हैं।
इससे प्रयागराज में रहने वाले एक लाख से अधिक केंद्रीय कर्मियों, पेंशनरों व आश्रितों को बड़ी राहत मिली है। वे सीजीएचएस से संबद्ध निजी अस्पतालों में कैशलेस इलाज करा सकते हैं। पहले विकल्प सीमित थे लेकिन अब प्रयागराज में सीजीएचएस से संबद्ध निजी अस्पतालों व पैथोलॉजी में इलाज कराने के लिए विकल्प बढ़े हैं।
सीजीएचएस की वेबसाइट में प्रयागराज में संबद्ध किए गए अस्पतालों की सूची अपलोड कर दी गई है। अपर निदेशक सीजीएचएस, प्रयागराज के तहत प्रमुख रूप से नाज़रेथ अस्पताल, यूनाइटेड इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज, कमला नेहरू अस्पताल, यशलोक हॉस्पिटल, वीरेंद्र हॉस्पिटल, एक्यूरा क्रिटिकल केयर को जोड़ा गया है। नई संबद्धता में नाज़रेथ अस्पताल का हृदय रोग विभाग भी शामिल किया गया है।
इसके अलावा न्यू लाइफ हॉस्पिटल, ओझा ईएनटी एंड सर्जिकल कॉम्प्लेक्स, आशा हॉस्पिटल समेत अन्य अस्पतालों को भी सीजीएचएस से संबद्ध किया गया है। खास यह कि सीजीएचएस प्रशासन ने शहर के अलावा नैनी व झूंसी के निजी अस्पतालों के भी संबद्धता सूची में शामिल किया है ताकि इमरजेंसी में स्थानीय निवासियों को तुरंत कैशलेस इलाज मिल सके।
सीजीएचएस की प्रयागराज में सात डिस्पेंसरी
सीजीएचएस की प्रयागराज में सात डिस्पेंसरी हैं। इनमें डिस्पेंसरी नंबर-1 जवाहर लाल नेहरू रोड पर है, जहाँ सर्वाधिक लाभार्थी पंजीकृत हैं। इसके अलावा डिस्पेंसरी नंबर-2 ड्रमंड रोड, नंबर-3 बाई का बाग, नंबर-4 कटरा स्थित डीसीपी गर्ल्स इंटर कॉलेज के सामने, नंबर-5 प्रीतम नगर स्थित केंद्रांचल कॉलोनी, नंबर-3 चक्रिया और डिस्पेंसरी नंबर-7 नैनी में हैं। इन डिस्पेंसरी में पंजीकृत लाभार्थी सीजीएचएस से संबद्ध किसी भी निजी अस्पताल में कैशलेस इलाज करा सकते हैं।
वाराणसी में भी बढ़ी संबद्ध अस्पतालों की संख्या :
अपर निदेशक सीजीएचएस, प्रयागराज कार्यालय के तहत संचालित सीजीएचएस, वाराणसी को संचालित किया जाता है। सीजीएचएस, वाराणसी से भी कई नए निजी अस्पताल संबद्ध किए गए हैं जिनकी सूची सीजीएचएस की वेबसाइट पर अपलोड की गई है।
“सीजीएचएस से संबद्ध निजी अस्पतालों की संबद्धता के नियम काफी सख्त कर दिए गए हैं ताकि लाभार्थियों को अस्पताल में सभी सुविधाएं मुहैया कराई जा सकें। सीजीएचएस से संबद्ध अस्पतालों को पूरी गंभीरता से नियमों का पालन करना होगा और जो नहीं करेंगे, उन्हें संबद्धता सूची से बाहर किया जाएगा।” -डॉ. गुलाब चंद, अपर निदेशक, सीजीएचएस, प्रयागराज
Basic Shiksha Khabar | PRIMARY KA MASTER | SHIKSHAMITRA | Basic Shiksha News | Primarykamaster | Updatemarts | Primary Ka Master | Basic Shiksha News | Uptet News | primarykamaster | SHIKSHAMITRA






