● मुख्यमंत्री ने एनरोलमेंट प्रक्रिया तत्काल शुरू करने के निर्देश दिए
● पुलिस भर्ती-प्रशिक्षण बोर्ड के सहयोग से नया बोर्ड भी बनाने को कहा
लखनऊ, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में होमगार्डों के रिक्त पड़े पदों पर नई भर्ती की प्रक्रिया तत्काल प्रारम्भ करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने समयबद्ध, पारदर्शी और निष्पक्ष भर्ती सुनिश्चित करने के लिए पुलिस भर्ती एवं प्रशिक्षण बोर्ड के सहयोग से नया बोर्ड बनाने के भी निर्देश दिए हैं।
उच्चपदस्थ सूत्रों के अनुसार, करीब 50 हजार से ज्यादा पद खाली हैं। इसमें से पहले चरण में कितने पदों पर भर्ती होगी, यह संख्या बाद में तय होगी। माना जा रहा है कि करीब 50 हजार होमगार्डों को भर्ती किया जाएगा। गुरुवार को उच्चस्तरीय बैठक में मुख्यमंत्री को अवगत कराया गया कि प्रदेश में 1,18,348 स्वीकृत पदों के विरुद्ध 71,155 होमगार्ड सक्रिय हैं। इस तरह करीब 47193 पद खाली पड़े हैं। विभाग के उच्चपदस्थ सूत्रों ने बताया कि कितने पदों पर भर्ती शुरू की जाए, इसे अभी तय किया जाएगा।
चयन प्रक्रिया में हो लिखित परीक्षा: मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि पात्रता, परीक्षा, चयन संबंधित प्रावधानों में सुधार करें। पंजीकरण की अधिकतम आयु 30 वर्ष हो। चयन में लिखित परीक्षा की जाए, पात्रता मानकों को समयानुकूल बना परीक्षण प्रणाली सुदृढ़ की जाए।
आपदा प्रबंधन का अनुभव रखने वालों को प्राथमिकता दें
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि आपदा प्रबंधन से संबंधित अनुभव या प्रशिक्षण प्राप्त लोगों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। अधिकारियों को निर्देश दिया कि नई पंजीकरण व्यवस्था शीघ्र तैयार की जाए। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि रिक्तियों की पूर्ति से उत्तर प्रदेश का होमगार्ड संगठन और अधिक प्रशिक्षित, सक्षम और जनसेवा के प्रति समर्पित स्वरूप में सामने आएगा। मुख्यमंत्री ने आशा जताई कि नई नामांकन व्यवस्था के बाद होमगार्ड बल और अधिक पेशेवर बनेगा।
Basic Shiksha Khabar | PRIMARY KA MASTER | SHIKSHAMITRA | Basic Shiksha News | Primarykamaster | Updatemarts | Primary Ka Master | Basic Shiksha News | Uptet News | primarykamaster | SHIKSHAMITRA





