अमेठी सिटी। जिले के 1570 परिषदीय स्कूलों में कार्यरत शिक्षामित्रों और अनुदेशकों के लिए अच्छी खबर है। शासन ने उनके बढ़े हुए मानदेय के भुगतान के लिए बजट आवंटित कर दिया है। बेसिक शिक्षा विभाग अब बढ़े हुए मानदेय को देने की तैयारी में जुटा है।
इस फैसले से परिषदीय स्कूलों में तैनात 1461 शिक्षामित्रों और अनुदेशकों को सीधा लाभ मिलेगा। इनमें कुल 1193 शिक्षामित्र और 268 अनुदेशक कार्यरत हैं। शिक्षामित्रों का मानदेय 10 हजार से बढ़ाकर 18 हजार रुपये प्रतिमाह हुआ है। अनुदेशकों का मानदेय नौ हजार से बढ़कर 17 हजार रुपये प्रतिमाह हो गया है।
शिक्षामित्रों और अनुदेशकों के मानदेय में आठ हजार रुपये प्रतिमाह की वृद्धि हुई है। शिक्षामित्रों के अप्रैल के बढ़े मानदेय के लिए 214.74 लाख रुपये का बजट मिला है। अनुदेशकों के लिए भी 45.56 लाख रुपये का बजट विभाग में आ गया है। छह मई तक सभी शिक्षामित्रों, अनुदेशकों के खातों में मानदेय पहुंचने की उम्मीद है।
बीएसए संजय तिवारी ने बताया कि अप्रैल के मानदेय का बढ़ा बजट मिल गया है। पांच से छह मई के भीतर सभी के खातों में बढ़ा मानदेय पहुंच जाएगा। उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षामित्र संघ के जिलाध्यक्ष संजय कन्नौजिया व विजय सिंह ने सरकार के इस निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि इससे लंबे समय से चली आ रही आर्थिक परेशानी में काफी राहत मिलेगी।
अभ्युदय योजना: निशुल्क कोचिंग के लिए आवेदन शुरू
अमेठी सिटी। मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के तहत प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए निशुल्क कोचिंग के लिए आवेदन करना होगा। जिला समाज कल्याण अधिकारी शेर बहादुर ने बताया कि जेईई व नीट के लिए कक्षा 11 व 12 के विज्ञान वर्ग के छात्र पात्र होंगे। सिविल सेवा व पीसीएस के लिए स्नातक अंतिम वर्ष या उत्तीर्ण अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा एनडीए, सीडीएस, क्लैट, बैंकिंग, टीजीटी व पीजीटी जैसी परीक्षाओं के लिए संबंधित योग्यता के अनुसार अभ्यर्थी पात्र होंगे। प्रवेश परीक्षा, मेरिट या साक्षात्कार के आधार पर चयन किया जाएगा।
आवेदन ऑफलाइन जिला समाज कल्याण अधिकारी कार्यालय या संबंधित विकास खंड से प्राप्त कर जमा किए जा सकते हैं। ऑनलाइन आवेदन अभ्युदय पोर्टल abhyudayup.in के माध्यम से भी किए जा सकते हैं। (संवाद)
—
Basic Shiksha Khabar | PRIMARY KA MASTER | SHIKSHAMITRA | Basic Shiksha News | Primarykamaster | Updatemarts | Primary Ka Master | Basic Shiksha News | Uptet News | primarykamaster | SHIKSHAMITRA





