फैसला: दोबारा देना होगा नीट: प्रश्नपत्र लीक हाेने के बाद परीक्षा निरस्त – UpdateMarts| PRIMARY KA MASTER | SHIKSHAMITRA | Basic Shiksha News

primarymaster.in


  राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने तीन मई को आयोजित मेडिकल प्रवेश परीक्षा (नीट) यूजी का पर्चा लीक होने के आरोपों के बाद मंगलवार को रद्द कर दी। परीक्षा दोबारा होगी। केंद्र सरकार ने मामले की जांच सीबीआई को सौंप दी है। केंद्रीय जांच एजेंसी ने एफआईआर दर्ज कर नासिक से एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है।

इस मामले में राजस्थान पुलिस के स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप (एसओजी) ने कई अहम खुलासे किए हैं। उसके अनुसार, परीक्षा से 15 दिन से लेकर एक माह पहले तक एक कथित गेस पेपर छात्रों के बीच प्रसारित हो रहा था। करीब 150 पन्नों के इस ग्रेस पेपर में लगभग 410 सवाल हैं। आरोप है कि इनमें से करीब 120 प्रश्न नीट के केमिस्ट्री सेक्शन में हूबहू पूछे गए। दावा किया गया कि 720 अंकों की परीक्षा में लगभग 600 अंकों से जुड़े प्रश्न कुछ छात्रों तक परीक्षा से दो दिन पहले पहुंच चुके थे। एनटीए के अनुसार, कथित अनियमितता से जुड़ी सूचना सात मई की शाम को मिली, जिसे आठ मई को जांच एजेंसियों को भेज दिया गया।

एनटीए ने ली जिम्मेदारी : एनटीए के महानिदेशक अभिषेक सिंह ने नीट-यूजी 2026 को रद्द करने की जिम्मेदारी लेते हुए कहा कि परीक्षा से पहले छात्रों के बीच पीडीएफ प्रारूप में प्रसारित कुछ प्रश्न वास्तविक प्रश्नपत्र से मेल खाते पाए गए जिसके बाद एजेंसी ने मेडिकल प्रवेश परीक्षा को रद्द करने की सिफारिश की। पूरा प्रश्नपत्र लीक नहीं हुआ। सीबीआई लीक हुए सवालों की संख्या की जांच करेगी। उन्होंने बताया कि दोबारा आयोजित होने वाली परीक्षा का कार्यक्रम अगले सात से दस दिन के भीतर घोषित कर दिया जाएगा। हमारा प्रयास रहेगा कि परीक्षा जल्द आयोजित की जाए ताकि शैक्षणिक कार्यक्रम में बाधा न आए। एनटीए महानिदेशक ने भरोसा दिलाया कि कथित पेपर लीक में शामिल लोगों पर सख्त कार्रवाई होगी।

अभ्यर्थियों और अभिभावकों से अपील : एनटीए ने अभ्यर्थियों और अभिभावकों से अपील की है कि वे केवल आधिकारिक वेबसाइट और अधिकृत सोशल मीडिया माध्यमों पर ही भरोसा करें। एनटीए की ओर से हेल्पलाइन नंबर 011-40759000 और 011-69227700 जारी किए गए हैं। ईमेल neet-ug@nta.ac.in पर भी संपर्क किया जा सकता है।

सीबीआई ने आपराधिक साजिश, धोखाधड़ी की धाराओं में मामला दर्ज किया है। जांच एजेंसी जल्द ही एक टीम राजस्थान भेजेगी, ताकि एसओजी से मामले से जुड़े सभी साक्ष्य जा सकें।

एनटीए ने कहा, मई 2026 परीक्षा के लिए कराए गए पंजीकरण और चुने गए परीक्षा केंद्र दोबारा होने वाली परीक्षा के लिए भी मान्य रहेंगे। अभ्यर्थियों को न तो दोबारा आवेदन की जरूरत है और न ही अतिरिक्त परीक्षा शुल्क लिया जाएगा। साथ ही पहले जमा की गई परीक्षा फीस छात्रों को वापस कर दी जाएगी। एनटीए अपने संसाधनों से पुनः परीक्षा कराएगा।

Basic Shiksha Khabar | PRIMARY KA MASTER | SHIKSHAMITRA | Basic Shiksha News | Primarykamaster | Updatemarts | Primary Ka Master | Basic Shiksha News | Uptet News | primarykamaster | SHIKSHAMITRA

Leave a Comment