इस जनपद में ईआरओ व ऑपरेटर पर विधिक कार्रवाई, यूपी में होगी मतदाता सूची की जांच
यूपी के पीलीभीत में मतदाता सूची में गड़बड़ियां उजागर होने के बाद चुनाव आयोग ने लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों पर कार्रवाई की है। पीलीभीत सदर विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ) व वीआरसी आपरेटर को पद से हटाते हुए उनके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी। सभी सहायक निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (एईआरओ) का उत्तरादायित्व तय करते हुए उनके खिलाफ भी कार्रवाई होगी। वहीं दो दिनों में पूरे प्रदेश की सभी विधानसभा क्षेत्रों की मतदाता सूची की जांच होगी।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) नवदीप रिणवा ने सपा व कांग्रेस की ओर से पीलीभीत सदर विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची में गड़बड़ियों के लगाए गए आरोपों की जांच कराई। जिला निर्वाचन अधिकारी की जांच रिपोर्ट में गड़बड़ी सही पाई गई। जिसमें एपिक नंबर को ऑनलाइन सर्च करने पर किसी अन्य मतदाता का नाम प्रदर्शित हो रहा है।
सीईओ ने पीलीभीत के जिला निर्वाचन अधिकारी को निर्देश दिए कि तत्काल निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी व वीआरसी ऑपरेटर को पद से हटाया जाए और इनके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाए। पीलीभीत सदर विधानसभा क्षेत्र के सभी एईआरओ का उत्तरादायित्व तय करते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई करने को आख्या मांगी गई है।
बस्ती में चार विधानसभा सीटों में भी गड़बड़ी की शिकायत
बस्ती सदर, हरैया, महादेवा, रूदौली विधानसभा क्षेत्रों की मतदाता सूची में भी गड़बड़ी के आरोप सपा की ओर से लगाए गए हैं। यहां पर भी मतदाता सूची में गड़बड़ियों की शिकायतें की गई हैं। फिलहाल पीलीभीत और बस्ती का मामला सामने आने के बाद चुनाव आयोग यूपी भर में दो दिनों में जांच कराने जा रहा है।
Basic Shiksha Khabar | PRIMARY KA MASTER | SHIKSHAMITRA | Basic Shiksha News | Primarykamaster | Updatemarts | Primary Ka Master | Basic Shiksha News | Uptet News | primarykamaster | SHIKSHAMITRA





