UP School Half Yearly Exam 2026: परिषदीय स्कूलों में 17 नवंबर से होंगी अर्द्धवार्षिक परीक्षाएं, 21 नवंबर तक चलेगा परीक्षा कार्यक्रम
पीडीडीयू नगर। उत्तर प्रदेश के परिषदीय विद्यालयों में कक्षा एक से आठ तक के छात्र-छात्राओं की अर्द्धवार्षिक परीक्षाओं की तैयारी शुरू हो गई है। बेसिक शिक्षा परिषद की ओर से परीक्षा कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। निर्धारित समय सारिणी के अनुसार परीक्षाएं 17 नवंबर से शुरू होकर 21 नवंबर 2026 तक आयोजित की जाएंगी। पांच दिनों तक चलने वाली इन परीक्षाओं का आयोजन प्रतिदिन दो पालियों में होगा।
जनपद में कुल 1,185 परिषदीय विद्यालयों में अर्द्धवार्षिक परीक्षा आयोजित कराई जाएगी। इसमें लगभग 1 लाख 70 हजार छात्र-छात्राएं शामिल होंगे।
बीएसए सचिन कुमार के अनुसार, पहली पाली की परीक्षा सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक तथा दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर 12:30 बजे से 2:30 बजे तक होगी।
प्रधानाध्यापक और बीईओ की तय होगी जिम्मेदारी
परीक्षा के सुचारु संचालन की जिम्मेदारी विद्यालय स्तर पर संबंधित प्रधानाध्यापक की होगी, जबकि विकासखंड स्तर पर खंड शिक्षा अधिकारी इसकी निगरानी करेंगे। परीक्षा और मूल्यांकन कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी जिम्मेदार होंगे।
कक्षा के अनुसार अलग-अलग होगा परीक्षा का पैटर्न
अर्द्धवार्षिक परीक्षा में अलग-अलग कक्षाओं के लिए मूल्यांकन की व्यवस्था निर्धारित की गई है।
कक्षा 1: बच्चों की परीक्षा लिखित के बजाय मौखिक रूप से कराई जाएगी।
कक्षा 2 और 3: लिखित एवं मौखिक परीक्षा का अधिभार 50-50 प्रतिशत रहेगा।
कक्षा 4 और 5: लिखित परीक्षा का अधिभार 70 प्रतिशत तथा मौखिक परीक्षा का 30 प्रतिशत होगा।
कक्षा 6 से 8: इन कक्षाओं के विद्यार्थियों की परीक्षा पूरी तरह लिखित होगी।
50 अंकों की होगी परीक्षा
कक्षा 6 से 8 सहित निर्धारित परीक्षा प्रश्नपत्रों में बहुविकल्पीय प्रश्न (MCQ), अति लघु उत्तरीय, लघु उत्तरीय और दीर्घ उत्तरीय प्रश्न शामिल किए जाएंगे। परीक्षा 50 अंकों की होगी।
बेसिक शिक्षा विभाग ने परीक्षा को निर्धारित समय सारिणी के अनुसार संपन्न कराने और मूल्यांकन कार्य में पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।
Basic Shiksha Khabar | PRIMARY KA MASTER | SHIKSHAMITRA | Basic Shiksha News | Primarykamaster | Updatemarts | Primary Ka Master | Basic Shiksha News | Uptet News | primarykamaster | SHIKSHAMITRA