लखनऊ। राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद ने शिक्षक-कर्मचारियों के लंबित मुद्दों पर ठोस कार्यवाही न होने पर नाराजगी जताई है। परिषद के मुताबिक नाराज शिक्षक-कर्मचारी 24 जून को जिला मुख्यालयों पर भूख हड़ताल करेंगे। इस संबंध में परिषद के महामंत्री अतुल मिश्रा ने मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव व प्रमुख सचिव कार्मिक को पत्र भेजा है।
पत्र में उन्होंने बताया है कि कर्मचारियों की समस्याओं का निराकरण प्राथमिकता के आधार पर कराने का अनुरोध शासन से लगातार किया जा रहा है, लेकिन कई साल बाद भी किसी स्तर पर परिषद के साथ कोई औपचारिक बैठक व वार्ता नहीं की गई। इससे कर्मचारियों में काफी रोष तथा असंतोष व्याप्त है। इससे विभागीय समस्याओं का समाधान भी नहीं हो रहा है। पूर्व में हुई बैठक में जिन मांगों पर सहमति बनी थी, उन पर भी अब तक कोई कार्यवाही नहीं हुई। परिषद के अध्यक्ष सुरेश रावत ने कहा कि यही वजह है कि कर्मचारी-शिक्षक संयुक्त मोर्चा की बैठक में सभी जिला मुख्यालयों पर 24 जून को सुबह 11 बजे से भूख हड़ताल व सत्याग्रह का निर्णय लिया गया है। इसके माध्यम से मांगों के समाधान के लिए ध्यानाकर्षण आंदोलन करने का निर्णय लिया गया है। इसी दिन अगले निर्णायक आंदोलन की घोषणा होगी। परिषद भी इसका पूरा समर्थन करेगी। उन्होंने कहा कि हमारी विषम परिस्थिति पैदा करने की कोई मंशा नहीं है। लेकिन, अधिकारियों की संवेदनहीनता से कर्मचारी आंदोलन को विवश हैं। ब्यूरो
Basic Shiksha Khabar | PRIMARY KA MASTER | SHIKSHAMITRA | Basic Shiksha News | Primarykamaster | Updatemarts | Primary Ka Master | Basic Shiksha News | Uptet News | primarykamaster | SHIKSHAMITRA





